Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीतने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ का ऐलान कर दिया है। इस प्रतिष्ठित टीम में चार भारतीय खिलाड़ियों को जगह मिली है। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार वापसी करते हुए लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा, जिसका असर इस खास टीम के चयन में भी दिखा।

संजू सैमसन बने टीम ऑफ द टूर्नामेंट के सबसे बड़े स्टार

इस टीम में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी चुना गया। सैमसन ने टूर्नामेंट के आखिरी तीन मुकाबलों में 97*, 89 और 89 रन की धमाकेदार पारियां खेलीं, जिसने भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

तीन और भारतीय खिलाड़ियों को भी मिली जगह

सैमसन के अलावा टीम में तीन और भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। ओपनर ईशान किशन ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए और टीम को तेज शुरुआत दिलाई। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसकी वजह से उन्हें टीम में जगह मिली। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने नॉकआउट मुकाबलों में शानदार गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीमों पर दबाव बनाया और गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई की।

पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने भी बनाई जगह

भारत के खिलाड़ियों के अलावा पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को भी इस टीम में शामिल किया गया है। फरहान टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 383 रन बनाए, जिसमें दो शतक भी शामिल थे। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें न्यूजीलैंड के फिन एलन पर तरजीह दी गई।

दक्षिण अफ्रीका के दो खिलाड़ियों को भी मौका

सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली दक्षिण अफ्रीका टीम से दो खिलाड़ियों को टीम ऑफ द टूर्नामेंट में जगह मिली है। एडेन मार्करम को इस टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को भी उनके शानदार प्रदर्शन के चलते गेंदबाजी आक्रमण में शामिल किया गया।

इंग्लैंड के खिलाड़ियों का भी दमदार प्रदर्शन

इंग्लैंड की टीम भले ही सेमीफाइनल में बाहर हो गई, लेकिन उसके दो खिलाड़ियों को इस टीम में शामिल किया गया। लेग स्पिनर आदिल राशिद टीम के मुख्य स्पिनर के रूप में चुने गए, जबकि ऑलराउंडर विल जैक्स ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाई।

अन्य खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान

वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर को भी इस टीम में जगह मिली है। वहीं जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। इसके अलावा एसोसिएट देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए अमेरिका के गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक को 12वें खिलाड़ी के रूप में चुना गया। उन्होंने सिर्फ चार मैचों में 13 विकेट लेकर सबका ध्यान खींचा।

ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट

साहिबजादा फरहान, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, एडेन मार्करम (कप्तान), हार्दिक पांड्या, विल जैक्स, जेसन होल्डर, जसप्रीत बुमराह, लुंगी एनगिडी, आदिल राशिद, ब्लेसिंग मुजरबानी, 12वां खिलाड़ी: शैडली वैन शाल्कविक.