नागपुर (निकलेश जैन)। भारत की ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख ने 2026 महिला स्पीड शतरंज चैंपियनशिप में अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका की आईएम रोज एटवेल को एकतरफा मुकाबले में 14-1 के विशाल अंतर से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। ऑनलाइन खेले गए पूरे मुकाबले में दिव्या एक भी बाजी नहीं हारीं और उन्होंने केवल दो ड्रॉ खेले, जबकि बाकी सभी मुकाबले जीत लिए। इस जीत के साथ उन्होंने 2900 डॉलर की पुरस्कार राशि भी सुनिश्चित कर ली।
तीन चरणों में खेले गए इस मुकाबले में दिव्या ने शुरुआत से ही पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। पहले 5+1 रैपिड चरण में उन्होंने सभी पांच मुकाबले जीतकर 5-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद 3+1 ब्लिट्ज चरण में भी उनका आक्रामक खेल जारी रहा और उन्होंने फिर लगातार पांच जीत दर्ज कर स्कोर 10-0 कर दिया।
अंतिम 1+1 बुलेट चरण में भी दिव्या ने अपनी लय बरकरार रखी। उन्होंने चार मुकाबले जीते और दो ड्रॉ खेले, जिससे अंतिम स्कोर 14-1 रहा। पूरे मैच में उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को एक भी जीत का मौका नहीं दिया। कई मुकाबलों में उन्होंने मुश्किल स्थितियों से शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और अपनी तेज शतरंज क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
अब क्वार्टर फाइनल में दिव्या का मुकाबला कजाखस्तान की तीन बार की महिला विश्व ब्लिट्ज चैंपियन बिबिसारा अस्साउबायेवा से होगा। अस्साउबायेवा ने अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान की डब्ल्यूजीएम अफरूज़ा खामदामोवा को 10.5-3.5 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।