Sports

सेंट लुइस, अमेरिका (निकलेश जैन)। ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो और वुमन इंटरनेशनल मास्टर रेचल ली अमेरिका के नए शतरंज चैंपियन बन गए हैं। सो ने चौथी बार यह खिताब जीता, जबकि रेचल अपने पहले ही प्रयास में खिताब जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गईं। 9 से 22 अक्टूबर तक खेली गई दोनों प्रतियोगिताएं 12 खिलाड़ियों के राउंड रॉबिन प्रारूप में हुईं। ओपन वर्ग की कुल पुरस्कार राशि 2,50,000 डॉलर और महिला वर्ग की 1,52,000 डॉलर रही।

ओपन वर्ग में सो ने सातवें और आठवें राउंड में रे रॉबसन और एंडी वुडवर्ड को हराकर बढ़त बना ली थी। अंतिम राउंड में उन्हें सिर्फ ड्रॉ चाहिए था, लेकिन सैम शेवियन ने हाथी के एंडगेम में उन्हें हराकर प्रतियोगिता की एकमात्र हार दी। उधर गत विजेता फबियानो करुआना ने अवंडर लियांग को हराया और दोनों खिलाड़ी 7/11 अंक के साथ संयुक्त पहले स्थान पर रहे। टाईब्रेक की पहली रैपिड बाज़ी ड्रॉ रही, जबकि दूसरी बाज़ी में सो ने सफ़ेद मोहरों से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

महिला वर्ग में एलिस ली ने लगातार चार जीत के साथ तेज़ शुरुआत की, लेकिन रेचल ली ने उन्हें काले मोहरों से हराकर बराबरी कर ली। नौवें राउंड में एलिस को इरीना क्रुश से हार मिली, जबकि रेचल ने नाज़ी पाइकिद्ज़े को हराकर एक अंक की बढ़त बना ली। अंतिम राउंड में अन्ना ज़ातोंस्किख से ड्रॉ खेलकर रेचल ने खिताब पक्का किया। एलिस ली आधा अंक पीछे दूसरे और इरीना क्रुश तीसरे स्थान पर रहीं।

विश्व शतरंज में यूएस शतरंज चैंपियनशिप सबसे कड़ी प्रतिस्पर्धा वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप मानी जाती है.