Sports

खेल डैस्क : बर्मिंघम के मैदान पर विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2024 के पहले ही मुकाबले में बर्थडे ब्वॉय हरभजन सिंह ने मैदान पर आते ही पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। इंग्लैंड चैंपियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इंडिया चैंपियंस को जीत के लिए 166 रन का लक्ष्य मिला था। इससे पहले इंग्लैंड लायंस ने इयान बेल के नाबाद 59, स्मित पटेल के 25 गेंदों पर 51 और ओवेस शाह के 9 गेंदों पर 23 रनों की बदौलत 165 रन बनाए थे। जवाब में इंडिया चैंपियंस ने रॉबिन उथप्पा के 32 गेंदों पर 50 तो गुरकीरत मान के 33 रनों की बदौलत आसानी से जीत हासिल कर ली। 

 

 

इंग्लैंड चैंपियंस : 165-4 (20 ओवर)
इंग्लैंड के लिए दिग्गज क्रिकेटर केविन पीटरसन और फिल मस्टर्ड ओपनिंग के लिए उतरे थे। केविन शुरूआती ओवरों में ही संघर्ष करते दिखे और दूसरे ही ओवर में धवल कुलकर्णी का शिकार हो गए। इसके बाद फिल मस्टर्ड (13) ने इयान बेल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। हरभजन ने 9वें और 11वें ओवर में इंग्लैंड को दो झटके दिए। उन्होंने मस्टर्ड और रवि बोपारा को पवेलियन की राह दिखाई। हालांकि इसके बाद इयान ने स्मित पटेल के साथ मिलकर स्कोर 133 तक पहुंचाया। स्मित ने 25 गेंदें पर 51 रन बनाए। इसके बाद इयान बेल ने 59 तो ओवेस शाह ने 17 रन बनाकर स्कोर 165 तक पहुंचा दिया।

 

 


इंडिया चैंपियंस : 166-7 (19 ओवर)
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ने तेज तर्रार शुरूआत की। ओपनिंग पर आए रॉबिन उथप्पा ने 32 गेंदों पर 50 तो नमन ओझा ने 20 गेंदों पर 25 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। तीसरे नंबर पर खेलने आए सुरेश रैना 16 तो भारतीय कप्तान युवराज सिंह महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि मध्यक्रम में गुरमीरत सिंह मान (33) और इरफान पठान (22) ने बल्ले का जादू चलाया। दोनों ने दो-दो छक्के लगाए और टीम की स्थिति मजबूत कर दी। अंत में युसूफ पठान और हरभजन सिंह ने बाकी बचे रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। हरभजन का मंगलवार को 45वां बर्थडे था। उन्होंने सिक्स लगाकर टीम को जीत दिलाई।
 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
इंडिया चैंपियंस :
रॉबिन उथप्पा, यूसुफ पठान, सुरेश रैना, युवराज सिंह (कप्तान), नमन ओझा (विकेटकीपर), इरफान पठान, हरभजन सिंह, पवन नेगी, राहुल शुक्ला, धवल कुलकर्णी, आरपी सिंह
इंग्लैंड चैंपियंस : इयान बेल, केविन ओ ब्रायन, केविन पीटरसन (कप्तान), फिल मस्टर्ड (विकेटकीपर), रवि बोपारा, समित पटेल, ओवैस शाह, रयान जे साइडबॉटम, अजमल शहजाद, क्रिस स्कोफिल्ड, डैरेन मैडी