Sports

नई दिल्ली : भारतीय पुरुष हॉकी टीम के उप कप्तान और मिडफील्डर हार्दिक सिंह (Hardik Singh) का कहना है कि भारतीय क्रिकेटरों की तुलना में हॉकी खिलाड़ी अधिक फिट होते हैं। उन्होंने यो-यो टेस्ट (Yo Yo Test) स्कोर की ओर इशारा किया। हार्दिक के अनुसार, हॉकी खिलाड़ियों के यो-यो टेस्ट के नतीजे क्रिकेटरों से कहीं बेहतर हैं, जो कई लोगों के लिए आश्चर्य की बात हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय एथलीटों की फिटनेस को मापने के लिए एक वैश्विक मानक यो-यो टेस्ट ने भारत में तब लोकप्रियता हासिल की जब क्रिकेटरों को टीम में शामिल करने के लिए इसमें पास होना जरूरी कर दिया गया।


भारतीय क्रिकेटरों विशेष रूप से स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को अक्सर देश के सबसे फिट एथलीटों में से एक माना जाता है। लेकिन उनका यो-यो टेस्ट स्कोर 17.2 है। जब टीम के लिए न्यूनतम आवश्यकता 16.5 होती है। क्रिकेटरों को अक्सर यो-यो टेस्ट में 17-18 के स्कोर के कारण प्रशंसा मिल जाती हैं लेकिन हार्दिक ने खुलासा किया कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम के प्लेयर लगातार 23 के आसपास स्कोर करते हैं।

 

हार्दिक ने एक पॉडकास्ट के दौरान कहा कि क्रिकेट में अगर कोई यो-यो टेस्ट में 19 या 20 अंक बना रहा है तो लोग उसे सबसे फिट कहते हैं। गोलकीपर पीआर श्रीजेश के 21 अंक हैं। हार्दिक ने आगे बताया कि यो-यो इंटरमिटेंट रिकवरी टेस्ट (YYIR) कैसे आयोजित किया जाता है- यह मुख्य स्तर 15 से शुरू होता है और इसमें 8 स्प्रिंट होते हैं। यह 23.8 तक बढ़ता है, जो अंतिम स्तर है। हमारे पास 7 खिलाड़ी हैं जिन्होंने 23.8 हासिल किया है। उन्होंने जूनियर लड़कियों की हॉकी टीम के नतीजों पर भी प्रकाश डाला, जो आमतौर पर टेस्ट में 17-18 के आसपास स्कोर करती हैं, जोकि कोहली के स्कोर के बराबर है। उन्होंने कहा कि जूनियर लड़कियों (हॉकी टीम) का स्कोर 17-18 है। हमारा (औसत) 22-23 है।

 

बता दें कि हार्दिक को आखिरी बार पेरिस ओलंपिक 2024 के दौरान एक्शन में देखा गया था। ओलंपिक में भारत ने कांस्य पदक जीता था।