Sports

खेल डैस्क : चीन में कम्युनिस्ट पार्टी की भ्रष्टाचार विरोधी एजेंसी ने प्रमुख खेल अधिकारी डू झाओकाइ पर शिकंजा कस लिया है। सेंट्रल कमीशन फॉर डिस्पिलन इंस्पेक्शन ने कहा है कि डू झाओकाई चीन में खेलों के जनरल एडिमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी हैड पद पर हैं। खेल प्रशासक ने एक बयान में कहा है- डू झाओकाई मामले की जांच जारी है। पार्टी फैसले का पूरा समर्थन करेगी। बता दें कि चीन फुटबॉल प्रबंधन में शामिल कई वरिष्ठ अधिकारी पहले से ही जांच के घेरे में आ चुके हैं, इनमें पुरुषों की राष्ट्रीय टीम के पूर्व कोच और इंग्लिश प्रीमियर लीग के पूर्व खिलाड़ी ली टाई भी शामिल हैं।

 

बहरहाल, 63 वर्षीय डू 2019 से चीनी खेल के प्रशासन के लिए जिम्मेदार सरकारी निकाय के उप प्रमुख के रूप में काम कर रहे थे। उनके पास खेल और फुटबॉल प्रशासक के रूप में काम करने का 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वह पहले एशियाई फुटबॉल परिसंघ के उपाध्यक्ष और चीनी ओलिम्पिक समिति के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने चीनी फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य भी किया। 2019 में वह फीफा परिषद के लिए चुने गए थे।

 

फरवरी में बहरीन में एशियाई फुटबॉल परिसंघ के सम्मेलन में एक वोट के दौरान फीफा परिषद में वह अपनी सीट बरकरार रख नहीं पाए थे। वैसे भी हाल के वर्षों में पुरुषों की राष्ट्रीय टीम का प्रदर्शन खराब रहा है। वह वित्तीय समस्याओं से जूझ रही है। कई प्रमुख क्लब भी नुकसान में हैं। आम जनता के बीच असंतोष पैदा होने पर चीन की शीर्ष भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पिछले साल के अंत तक  खेल से जुड़े दर्जनों अधिकारियों से पूछताछ हुई। सीएफए के आठ पूर्व और वर्तमान अधिकारी भी जांच के दायरे में हैं।

 

इन अधिकारियों में सीएफए के प्रमुख चेन जुयुआन भी शामिल हैं, जिन्हें फरवरी में जांच के दायरे में लाया गया था। जबकि ली को पिछले दिसंबर में जांच के दायरे में रखा गया था। इसके अलावा सीएफए की अनुशासनात्मक समिति के प्रमुख वांग जियाओपिंग और हुआंग सोंग पर भी नजर है। बता दें कि चीन द्वारा 2022 शीतकालीन ओलिम्पिक की मेजबानी के दो महीने बाद ही चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश को खेल में अपनी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में सुधार करने और खेल महाशक्ति के निर्माण की गति में तेजी लाने का आह्वान किया था।