Sports

मुंबई : नेपाल के खिलाफ टी20 विश्व कप के ग्रुप सी के अपने पहले ही मैच में बमुश्किल उलटफेर से बचने वाली इंग्लैंड की टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले एक महत्वपूर्ण और बराबरी के मुकाबले में अधिक आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन करना होगा। दोनों टीमें अतीत में दो बार यह प्रतियोगिता जीत चुकी हैं और टूर्नामेंट के सह-मेजबान और मौजूदा चैंपियन भारत की तरह तीसरी बार खिताब जीतने की कोशिश में हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती निरंतरता को बरकरार रखना होगा क्योंकि टी20 क्रिकेट में जीत-हार का अंतर बहुत कम हो सकता है। इसमें किसी भी टीम को कम करके आंकना बहुत बड़ी भूल हो सकती है। 

इंग्लैंड को पिछले मुकाबले में इसका अहसास हुआ जब नेपाल ने एक समय उसे हार के कगार पर पहुंचा दिया था। इंग्लैंड ने आखिर में यह मैच चार रन से जीता था और इसे देखते हुए हैरी ब्रुक की अगुवाई वाली टीम को आगे भी सतर्क रहने की जरूरत होगी। इंग्लैंड के लिए सैम करेन मैच के हीरो रहे। उन्होंने अंतिम ओवर में अपनी सटीक लाइन और लेंथ से 10 रन का अच्छी तरह से बचाव किया। कुल मिलाकर इंग्लैंड को लगेगा कि उसके गेंदबाजों की तुलना में उनके बल्लेबाजी विभाग ने सामूहिक रूप से बेहतर प्रदर्शन किया। 

आदिल राशिद लंबे समय बाद विकेट लेने में असफल रहे और जोफ्रा आर्चर की नेपाल के बल्लेबाजों ने जमकर धुनाई की। इससे इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण की कमजोरी भी सामने आ गई। लेकिन ब्रूक और युवा जैकब बेथेल ने अर्धशतक लगाए और अन्य बल्लेबाज भी लय में दिखे। इंग्लैंड ग्रुप सी में अपनी स्थिति सुधारने के लिए भी उत्सुक होगा क्योंकि जीत के बावजूद उसकी टीम 0.200 के नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं जबकि स्कॉटलैंड दो अंकों और 0.950 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। 

वेस्टइंडीज के भी दो अंक हैं और उसका नेट रन रेट 1.750 है। वेस्टइंडीज हालांकि इस बात को अच्छी तरह से समझना होगा की चूक की गुंजाइश बहुत कम है, खासकर ऐसे मैदान पर जहां पहले दो मैचों में पिच ने गेंदबाजों का साथ दिया है। भारत और इंग्लैंड दोनों टीमों ने इस मैदान पर बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया। वानखेड़े स्टेडियम में छोटी बाउंड्री का असर नेपाल की बल्लेबाजी में भी देखने को मिला। वेस्टइंडीज ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। शिमरोन हेटमायर की तेज 64 रन की पारी और रोमारियो शेफर्ड के पांच विकेटों की बदौलत उसने स्कॉटलैंड को आसानी से हराया। 

टीमें : 

इंग्लैंड : हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंडन (विकेटकीपर), फिल साल्ट (विकेटकीपर), बेन डकेट, जैकब बेथेल, सैम करेन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टोंग।

वेस्टइंडीज : शाई होप (कप्तान एवं विकेटकीपर), जॉनसन चार्ल्स (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, ब्रैंडन किंग, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्विंटिन सैम्पसन, रोस्टन चेज़, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्डे, अकील हुसैन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, जेडन सील्स। 

समय : शाम 7:00 बजे।