Sports

स्पोर्ट्स डेस्कः भारतीय क्रिकेट के गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। भारत को 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (SKY) को कप्तानी से हटा दिया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, बात सिर्फ कप्तानी जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सूर्या का अब टीम में बने रहना भी मुश्किल नजर आ रहा है।

गौतम गंभीर और चयनकर्ताओं का 'हंटर'
'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), टीम मैनेजमेंट और चयन समिति ने मुख्य कोच गौतम गंभीर से लंबी चर्चा के बाद यह सख्त फैसला लिया है। बीसीसीआई के एक अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि टीम अब भविष्य की ओर देख रही है और नए सत्र के लिए जल्द ही एक नए कप्तान की नियुक्ति की जाएगी। यह बदलाव आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज से पहले ही देखने को मिल सकता है।

खराब फॉर्म बनी सूर्या का 'काल'
भले ही सूर्या की कप्तानी में भारत ने वर्ल्ड कप जीता, लेकिन टूर्नामेंट के दौरान बड़ी टीमों के खिलाफ उनके बल्ले की खामोशी और हालिया IPL 2026 में उनके बेहद खराब प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को सोचने पर मजबूर कर दिया।

  • IPL 2026 का फ्लॉप शो: सूर्या ने 13 पारियों में महज 20.76 की औसत से सिर्फ 270 रन बनाए।
  • अर्धशतकों का अकाल: पूरे सीजन में उनके बल्ले से केवल दो अर्धशतक ही निकले।

रोहित के बाद संभाली थी विरासत
गौरतलब है कि साल 2024 में रोहित शर्मा के टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने के बाद सूर्यकुमार यादव को कमान सौंपी गई थी। उनकी कप्तानी में भारत ने वैश्विक स्तर पर सफलता तो पाई, लेकिन उनकी व्यक्तिगत फॉर्म ने उनकी जगह पर सवालिया निशान लगा दिया। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी बीसीसीआई की तरफ से आधिकारिक मुहर लगना बाकी है, लेकिन क्रिकेट जगत में इस 'सर्जिकल स्ट्राइक' ने हड़कंप मचा दिया है। अब देखना यह होगा कि सूर्या के बाद टीम इंडिया की बागडोर किसके हाथों में सौंपी जाती है।

NO Such Result Found