Sports

खेल डैस्क : सूर्यकुमार यादव आधुनिक समय के क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं। उनके असाधारण स्ट्रोक प्ले के कारण लोग उन्हें भारत के मिस्टर 360 के रूप में बुलाते हैं। 32 वर्षीय यह खिलाड़ी सुर्खियों में है क्योंकि उन्हें मुंबई में गली क्रिकेट खेलते हुए देखा गया। ट्विटर पर अपलोड किए गए वीडियो में सूर्या एक खास ‘सुपला शॉट’ खेलते नजर आ रहे हैं। मुंबई इंडियंस के ट्विटर पेज पर डाली पोस्ट में लिखा गया-सूर्या भाऊ को मुंबई में गली क्रिकेट खेलते देखा गया। सूर्या ने इंस्टाग्राम स्टोरी भी शेयर की जिसपर लिखा था- भाई लोग की मांग सुपला शॉट (सुपला शॉट, मेरे भाइयों की मांग पर)।


 सूर्याकुमार इस समय भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में हिस्सा ले रहे हैं। 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद मुंबई का यह बल्लेबाज अपनी हिटिंग क्षमता से लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। 2022 में वह टी20ई में एक कैलेंडर वर्ष में 1000 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्हें टेस्ट टीम में भी जगह मिली। नागपुर टेस्ट में हालांकि वह सफल नहीं हो पाए और महज आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे।