स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175/7 का स्कोर बनाया और पाकिस्तान को 114 रन पर समेट दिया।
सूर्यकुमार यादव ने की ईशान किशन की जमकर तारीफ
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद ईशान किशन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, 'यह जीत भारत के नाम है। हमने वही ब्रांड का क्रिकेट खेला, जैसा खेलना चाहते थे। इस विकेट पर पहले बल्लेबाजी करना सही फैसला था। 0/1 के बाद किसी को जिम्मेदारी लेनी थी और जिस तरह ईशान ने संभाला, वह शानदार था।'
ईशान ने 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया।
गेंदबाजों ने भी निभाई अहम भूमिका
सूर्यकुमार ने गेंदबाजों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पहले बल्लेबाजी करते हुए यह अनुमान लगाना मुश्किल होता है कि स्कोर कितना सुरक्षित रहेगा, क्योंकि ओस और पिच का व्यवहार अलग हो सकता है। उन्होंने माना कि 155 रन पर मुकाबला कड़ा हो सकता था, लेकिन टीम का मानना था कि स्कोर औसत से 15 रन ज्यादा है।
बुमराह (2/17) और अक्षर पटेल (2/19) की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 18 ओवर में 114 रन पर ढेर कर दिया।
मैच रिपोर्ट: भारत का दबदबा कायम
ईशान किशन की आक्रामक पारी और गेंदबाजों के क्लीनिकल प्रदर्शन के दम पर भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में हराया। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की नौ मुकाबलों में आठवीं जीत रही।
गौर है कि अब भारत 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में नीदरलैंड्स से भिड़ेगा।