Sports

मुंबई :  भारत के दिग्गज क्रिकेटर और पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने डीपी वर्ल्ड सेलिब्रिटी गोल्फ इवेंट की घोषणा की है। यह चैरिटी पहल भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत के बड़े नामों को एक मंच पर लाएगी। यह आयोजन 6 मार्च 2026, शुक्रवार को मुंबई के चेंबूर स्थित बॉम्बे प्रेसीडेंसी गोल्फ क्लब में होगा।

इस इवेंट का मुख्य उद्देश्य गावस्कर द्वारा स्थापित ‘चैंप्स फाउंडेशन’ (Caring, Helping, Assisting, Motivating, Promoting Sportspersons) के लिए जागरूकता फैलाना है। यह फाउंडेशन आर्थिक और चिकित्सीय कठिनाइयों से जूझ रहे पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सहायता करता है।

100 से ज्यादा प्रतिभागी लेंगे हिस्सा

18-होल कोर्स पर होने वाले इस टूर्नामेंट में 100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसमें क्रिकेट जगत के दिग्गज जैसे युवराज सिंह, जी.आर. विश्वनाथ, वेंकटेश प्रसाद, हरभजन सिंह, अजय जडेजा, पार्थिव पटेल, मुरली कार्तिक, एस. बद्रीनाथ, मुरली विजय और निखिल चोपड़ा शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों में इयोन मॉर्गन, माइकल वॉन और डेविड लॉयड भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

अन्य खेलों के दिग्गज भी रहेंगे शामिल

क्रिकेट के अलावा टेनिस स्टार लिएंडर पेस, बैडमिंटन दिग्गज प्रकाश पादुकोण और प्रोफेशनल गोल्फर नेहा त्रिपाठी, रिधिमा दिलावरी व गौरव घई भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

गावस्कर और पेस ने जताई खुशी

सुनील गावस्कर ने कहा कि चैंप्स फाउंडेशन इस सोच के साथ बनाया गया कि जिन्होंने खेल के जरिए देश का नाम रोशन किया, उन्हें जरूरत के समय अकेला न छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ गोल्फ नहीं, बल्कि खेल समुदाय को लौटाने का प्रयास है।

लिएंडर पेस ने कहा कि खेल हमें अनुशासन, मजबूती और एकजुटता सिखाता है। चैंप्स फाउंडेशन इन्हीं मूल्यों का प्रतीक है और यह इवेंट खेल भावना का जश्न है।