स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 विश्व कप 2026 के आगाज़ के साथ ही रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया।
ग्रुप C में स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में शेफर्ड ने हैट्रिक लेकर तहलका मचा दिया। इसके साथ ही वह टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले 9वें गेंदबाज और वेस्टइंडीज की ओर से ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
17वें ओवर में बदला मैच का रुख
रोमारियो शेफर्ड ने स्कॉटलैंड की पारी के 17वें ओवर में लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह बदल दी।
पहली गेंद पर मैथ्यू क्रॉस (11 रन) बैकवर्ड पॉइंट की ओर शॉट खेलते हुए शेफरन रदरफोर्ड को कैच दे बैठे। अगली ही गेंद पर मिचेल लिस्ट खाता खोले बिना रोवमैन पॉवेल के हाथों लपके गए। दो गेंदों में दो विकेट गिरने के बाद दबाव बढ़ा, लेकिन शेफर्ड ने संयम दिखाया और तीसरी गेंद पर ओलिवर डेविडसन को क्लीन बोल्ड कर ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी की।
हैट्रिक ओवर में चार विकेट, शेफर्ड बने टर्निंग पॉइंट
जिस ओवर में रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक ली, उसी ओवर में उन्होंने कुल चार विकेट झटके। मैच में उनकी गेंदबाजी वेस्टइंडीज के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई। 3 ओवर, 20 रन, 5 विकेट।
बीच के ओवरों में जब स्कॉटलैंड के बल्लेबाज रन गति बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे, तभी शेफर्ड की घातक गेंदबाजी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
वेस्टइंडीज ने 35 रन से जीता मुकाबला
मैच की बात करें तो कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 182 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए स्कॉटलैंड की टीम 18.5 ओवर में 147 रन पर सिमट गई और वेस्टइंडीज ने 35 रन से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ कैरेबियाई टीम ने टूर्नामेंट में धमाकेदार आगाज किया।