Sports

प्राग, चेक गणराज्य (निकलेश जैन) भारत के विश्व चैंपियन डी गुकेश की क्लासिकल शतरंज में वापसी का इंतज़ार अब समाप्त हो गया है। प्राग मास्टर्स शतरंज का बहुप्रतीक्षित मुकाबला आज से शुरू हो रहा है और पहले ही दौर में गुकेश का सामना अमेरिका के हंस निमैन से होगा। दिसंबर में अपने विश्व खिताब की रक्षा की तैयारी के लिहाज़ से यह टूर्नामेंट गुकेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राउंड रॉबिन आधार पर खेले जा रहे इस 9 खिलाड़ी आमंत्रण टूर्नामेंट में विश्व स्तरीय ग्रैंडमास्टर्स हिस्सा ले रहे हैं। पहले दौर में डी गुकेश (2754) सफेद मोहरों से यूएसए के हंस नीमन (2725) के खिलाफ खेलेंगे। अन्य मुकाबलों में उज़्बेकिस्तान के नोदीरबेक याकुब्बोएव का सामना स्पेन के डेविड एंटोन से, नीदरलैंड के जॉर्डन वान फारेस्ट का मुकाबला जर्मनी के विंसेंट केमर से, चेक गणराज्य के डेविड नवारा का सामना ईरान के परहम मघसूदलू से और टाटा स्टील मास्टर्स के विजेता उज़्बेकिस्तान के नोदीरबेक अब्दुसत्तोरोव की भिड़ंत भारत के अरविंद चितम्बरम से होगी।

वहीं चैलंजर वर्ग में भारत के वर्तमान विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख का सामना पहले राउंड में सफेद मोहरो से हंगरी के बेंजामिन ग्लेडुरा से और सूर्या शेखर गांगुली का सामना नीदरलैंड के थॉमस बर्डसेन से होगा . 

25 फ़रवरी से 6 मार्च तक चलने वाले इस 9 राउंड के टूर्नामेंट में हर अंक की अहमियत होगी। क्लासिकल प्रारूप में खेला जाने वाला यह आयोजन गुकेश की तैयारियों की गंभीर परीक्षा माना जा रहा है, क्योंकि इसी वर्ष दिसंबर में उन्हें विश्व चैंपियनशिप में अपना ताज बचाने उतरना है। पहले ही दौर की जोड़ी ने टूर्नामेंट को रोमांचक शुरुआत दे दी है और शतरंज प्रेमियों की निगाहें अब प्राग पर टिक गई हैं।