Sports

जालंधर : 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप के लिए पंजाब महिला हॉकी टीम का चयन ट्रायल तीन मार्च को होगा। हॉकी पंजाब के निलंबन के बाद भारत के प्रमुख हॉकी संगठन हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त हॉकी पंजाब की एडहॉक समिति के सदस्य ओलंपियन बलविंदर सिंह शम्मी ने मंगलवार को बताया कि 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप 23 मार्च से 3 अप्रैल, 2022 तक कोंकिंदी (आंध्र प्रदेश) में आयोजित हो रही है।

शम्मी ने कहा कि इस जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के लिए पंजाब महिला हॉकी टीम के लिए चयन ट्रायल 3 मार्च 2022 को सुबह 11.00 बजे गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर के एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। 1 जनवरी 2003 के बाद जन्म लेने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी इस ट्रायल में भाग लेने की पात्र होंगी। 

ओलंपियन शम्मी ने कहा कि द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता बलदेव सिंह, ओलंपियन हरदीप ग्रेवाल सिंह, ओलंपियन गुरिंदर सिंह चंदी, सुखजीत कौर, राजबीर कौर, अमनदीप कौर, योगिता बाली, निर्मल सिंह, गुरबाज सिंह (सभी पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी) को चयन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।