स्पोर्ट्स डेस्कः भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में खेले गए मुकाबले में दर्शकों को एक शानदार मैच देखने को मिला। मुकाबला रोमांचक अंदाज में शुरू हुआ, लेकिन अंत में भारत ने एकतरफा जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले ही ओवर में पाकिस्तान को सफलता मिल गई और टीम इंडिया को शुरुआती झटका लगा। लेकिन इसके बाद दूसरे ओवर में ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी कर भारत की वापसी करा दी। उनकी पारी के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने मैच पर पकड़ मजबूत कर ली और पाकिस्तान की टीम फिर मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी।
टीम इंडिया ने बनाए 175 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। बीच के ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन जोड़े और स्कोर को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया। पाकिस्तान के गेंदबाज शुरुआत में असरदार दिखे, लेकिन बाद में वे रन रोकने में नाकाम रहे। डेथ ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे, जिससे पाकिस्तान पर दबाव बढ़ गया।
114 रन पर सिमटी पाकिस्तान की टीम
175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई और भारत ने 61 रन से बड़ी जीत दर्ज की। पाकिस्तानी गेंदबाजों के बाद बल्लेबाज भी पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए और टीम ने लगभग सरेंडर कर दिया।
जीत के बाद हाथ नहीं मिलाए खिलाड़ी
मैच खत्म होने के बाद एक और हैरान करने वाला दृश्य देखने को मिला। भारतीय टीम के खिलाड़ी आपस में हाथ मिलाते हुए सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर चले गए। वहीं पाकिस्तान के बल्लेबाज अंपायर से हाथ मिलाकर वापस लौट गए। ड्रेसिंग रूम में पहले से मौजूद पाकिस्तानी खिलाड़ी आपस में ही हाथ मिलाते नजर आए, लेकिन वे मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने नहीं आए। हार के बाद पाकिस्तानी टीम काफी निराश और खिन्न दिखाई दी। इस तरह मैच में हार के साथ-साथ पाकिस्तान को व्यवहार के मामले में भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।