Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। आगा ने साफ कहा कि यह फैसला टीम का नहीं, बल्कि पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का है।

भारत-पाक मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान

पाकिस्तान ने पुष्टि कर दी है कि वह 15 फरवरी 2026 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के खिलाफ होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में हिस्सा नहीं लेगा। हालांकि, पाकिस्तान टीम को सरकार की ओर से टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति मिल चुकी है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच से दूरी बनाई गई है। यह जानकारी पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट के जरिए साझा की गई।

सरकारी बयान में क्या कहा गया?

पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक बयान में कहा गया— 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड टी20 2026 में भाग लेने की अनुमति देती है, हालांकि 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम मैदान पर नहीं उतरेगी।'

सलमान अली आगा का साफ बयान

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के बाद मीडिया से बातचीत में सलमान अली आगा ने कहा कि खिलाड़ियों के पास इस फैसले को लेकर कोई विकल्प नहीं है। 

'हम वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं। यह हमारा फैसला नहीं है, हम कुछ नहीं कर सकते। भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का फैसला टीम का नहीं है। सरकार और PCB जो कहेंगे, हमें वही करना होगा।' — सलमान अली आगा

ICC ने जताई नाराज़गी, PCB से मांगा जवाब

भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार पर ICC ने भी कड़ा रुख अपनाया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने कहा है कि उसे अब तक PCB की ओर से कोई लिखित या औपचारिक सूचना नहीं मिली है।

ICC ने PCB को यह भी चेताया है कि इस फैसले से पाकिस्तान क्रिकेट के भविष्य अंतरराष्ट्रीय छवि और टूर्नामेंट सहभागिता पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

क्या PCB ले सकता है यू-टर्न?

ICC के सख्त रुख और बढ़ते दबाव के बीच अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या PCB अपने फैसले पर पुनर्विचार करता है या फिर भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार पर अड़ा रहता है।

पाकिस्तान का वर्ल्ड कप शेड्यूल और टीम

पाकिस्तान अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ करेगा। टीम ने टूर्नामेंट के लिए अपनी स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है, जिसमें कुछ बड़े नामों को बाहर रखा गया है।

पाकिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फखर ज़मान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज़, मोहम्मद सलमान मिर्ज़ा, नसीम शाह, साहिबज़ादा फरहान (wk), साइम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (wk).