स्पोर्ट्स डेस्क : दुबई से आई बड़ी खबर के मुताबिक आईसीसी ने जनवरी महीने के लिए पुरुष और महिला वर्ग में प्लेयर ऑफ द मंथ का ऐलान कर दिया है। न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर Daryl Mitchell और बांग्लादेश की बल्लेबाज Sobhana Mostary को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया।
डेरिल मिचेल का धमाकेदार प्रदर्शन
मिचेल ने भारत दौरे पर न्यूजीलैंड की वनडे सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई। तीन मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे होने के बाद मिचेल ने लगातार दो शतक जड़कर मैच का रुख पलट दिया।
दूसरे वनडे में 131* रन
तीसरे वनडे में 137 रन
तीसरे मुकाबले में उनके 137 रन की बदौलत न्यूजीलैंड ने 337/8 का बड़ा स्कोर खड़ा किया और सीरीज 2-1 से अपने नाम की। मिचेल ने सीरीज में कुल 352 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुने गए। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में फिर से नंबर-1 स्थान हासिल किया।
टी20 सीरीज में भी उन्होंने 5 मैचों में 125 रन 186.56 की स्ट्राइक रेट से बनाए। इस पुरस्कार की दौड़ में उन्होंने भारत के Suryakumar Yadav और इंग्लैंड के Joe Root को पीछे छोड़ा।
शोभना मोस्तारी का ग्लोबल मंच पर जलवा
महिला वर्ग में बांग्लादेश की शोभना मोस्तारी ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन किया। पहले छह मैचों में उन्होंने 229 रन बनाए, उनका औसत 45.80 और स्ट्राइक रेट 145.85 रहा।
उनकी निरंतरता और आक्रामक अंदाज ने उन्हें आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस और तारा नॉरिस जैसे खिलाड़ियों से आगे कर दिया। मोस्तारी की बल्लेबाजी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट में अजेय रहने में अहम भूमिका निभाई।