स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल न्यूजीलैंड पर 96 रन से शानदार जीत के बाद खिताब अपने पास बरकरार रखते हुए लगातार दो बार ट्रॉफी अपने नाम करने वाली पहली टीम बन गई है। फाइनल में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने अर्धशतक लगाए। लेकिन पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली भारतीय ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के फैन हो गए और उन्होंने उनकी जमकर सराहना करते हुए यहां तक कह दिया कि काश पाकिस्तान टीम के पास भी उनके जैसे 2-3 खिलाड़ी होते।
बासित अली ने एआरवाई न्यूज के टीवी शो में कहा कि किसी खिलाड़ी के खराब दौर पर इस तरह की आलोचना करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, 'अगर किसी खिलाड़ी के तीन डक भी हो जाएं तो इससे उसकी क्लास खत्म नहीं हो जाती। फॉर्म अस्थायी होती है, लेकिन क्लास हमेशा रहती है। सच कहूं तो काश हमारे देश में भी उसके जैसे 2-3 खिलाड़ी होते।'
टी20 विश्व कप में अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने कुल 141 रन बनाए। उन्होंने अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ तीन बार शून्य पर आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की पारी खेलकर लय में आने की कोशिश की। लेकिन वेस्टइंडीज (10) और इंग्लैंड (9) के खिलाफ फिर से आउट ऑफ द फॉर्म नजर आए। अंत में फाइनल में उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक और 21 गेंदों पर 52 रन बनाकर अपनी क्षमता का एक बार फिर परिचय दिया।