Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और पाकिस्तान के बीच 2012 के बाद से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी इवेंट्स के दौरान मैच हुए हैं लेकिन दोनों देशों के बीच कोई सीरीज नहीं हुई है। इस पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेटर इमरान खान ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारत में इस समय सीरीज खेलने के लिए अच्छा माहौल नहीं है। 

एक इंटरव्‍यू के दौरान इमरान खान ने कहा कि इस समय दोनों देशों के संबंध बुरे दौर से गुजर रहे हैं. ऐसे में सीरीज संभव नहीं हैं। उन्‍होंने कहा कि जब मैंने पहली बार 1979 में भारत का दौरा किया तो उस समय दोनों देश संबंध सुधारने की कोशिश कर रहे थे।स्‍टेडियम का माहौल भी शानदार था। दर्शक दोनों टीमों का उत्‍साह बढ़ा रहे थे। वहीं 1987 में भारत का दौरा किया तो तब माहौल अच्‍छा नहीं था। दोनों देशों के बीच तनाव के चलते दर्शकों का व्‍यवहार भी ठीक नहीं था। हमें काफी विरोध का भी सामना करना पड़ा। 

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने कहा, भारत और पाकिस्‍तान सीरीज एशेज से भी बड़ी है। एशेज सीरीज महत्‍वपूर्ण है, मगर भारत और पाकिस्‍तान सीरीज की कोई बराबरी नहीं कर सकता है। जब भी दोनों देशों के बीच सीरीज होती है, उस दौरान एक अलग ही माहौल होता है। इस दौरान तनाव, दबाव और खुशी चरम पर होती है। गौर हो कि मुंबई आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्‍तान के साथ द्विपक्षीय टेस्‍ट सीरीज खेलना बंद कर दिया था और 2012 के बाद से टी20 और वनडे सीरीज पर भी लगाम लग गई।