स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज Yashasvi Jaiswal और महिला टीम की स्टार ओपनर Shafali Verma को नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) ने डोप टेस्ट मिस करने के मामले में नोटिस जारी किया है। दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ ‘व्हेयरअबाउट फेल्योर’ नियम के तहत पहला ‘मिस्ड टेस्ट’ दर्ज किया गया है।
तय जगह पर मौजूद नहीं मिले खिलाड़ी
यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा दोनों NADA के रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल (RTP) का हिस्सा हैं। इसके तहत खिलाड़ियों को किसी भी समय अचानक डोप टेस्ट के लिए उपलब्ध रहना होता है और उन्हें अपनी लोकेशन की जानकारी एजेंसी को देनी होती है। रिपोर्ट के मुताबिक, डोप कंट्रोल ऑफिसर पिछले साल 7 नवंबर को यशस्वी और 17 दिसंबर को शेफाली के तय स्थान पर पहुंचे थे, लेकिन दोनों खिलाड़ी वहां मौजूद नहीं मिले।
NADA ने मांगा जवाब, नहीं मिला कोई उत्तर
NADA ने फरवरी 2026 में दोनों खिलाड़ियों से स्पष्टीकरण मांगा था। यशस्वी जायसवाल को 18 फरवरी और शेफाली वर्मा को 20 फरवरी को जवाब देने के लिए कहा गया, लेकिन एजेंसी को उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कई महीनों तक जवाब नहीं मिलने के बाद NADA ने दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ पहला ‘मिस्ड टेस्ट’ दर्ज करने का फैसला लिया। इस पूरे मामले की जानकारी Board of Control for Cricket in India (BCCI) को भी दे दी गई है।
क्या यशस्वी और शेफाली पर लगेगा बैन?
फिलहाल दोनों खिलाड़ियों पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। एंटी डोपिंग नियमों के अनुसार, एक साल के भीतर तीन बार डोप टेस्ट मिस होने पर खिलाड़ी पर अधिकतम दो साल का बैन लगाया जा सकता है। अगर यशस्वी और शेफाली का जवाब वैध नहीं माना जाता है, तो पहला ‘मिस्ड टेस्ट’ रिकॉर्ड स्थायी रूप से दर्ज रहेगा। हालांकि एक टेस्ट मिस होने पर तत्काल निलंबन का प्रावधान नहीं है।
उस समय क्या कर रहे थे दोनों खिलाड़ी?
जब NADA ने जवाब मांगा, उस समय यशस्वी जायसवाल रणजी ट्रॉफी 2025-26 खेलने के बाद ब्रेक पर थे। दूसरी ओर शेफाली वर्मा ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय महिला टीम के साथ टी20 सीरीज खेल रही थीं। एजेंसी का कहना है कि खिलाड़ियों को अपनी लोकेशन में बदलाव की जानकारी SMS, ईमेल या एप के जरिए देनी होती है, लेकिन दोनों ऐसा करने में नाकाम रहे।
IPL और वर्ल्ड कप में व्यस्त हैं दोनों स्टार
Yashasvi Jaiswal फिलहाल Rajasthan Royals के लिए IPL 2026 खेल रहे हैं। आईपीएल के बाद वह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। वहीं Shafali Verma को ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। इसके अलावा भारतीय महिला टीम इस महीने इंग्लैंड दौरे पर पांच टी20 मैचों की सीरीज भी खेलेगी।