Sports

मुंबई : चार बार के आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने टूर्नामेंट के अगले संस्करण से पहले अपनी कोर टीम को बरकरार रखा है जबकि ऑलराउंडर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) सहित 12 खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है। मुंबई ने चौथी बार खिताब जीतने वाली टीम के प्रमुख खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। मुंबई ने आईपीएल (IPL) के अगले सत्र के लिए तीन खिलाड़यिों की अदल बदली करते हुए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट, वेस्ट इंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड और भारत के धवल कुलकर्णी को टीम में शामिल किया है। 

मुंबई इंडियंस ने युवराज सिंह को आईपीएल से किया रिलीज

वर्ष 2020 के आईपीएल के लिए दिसंबर में कोलकाता में होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी में मुंबई के पास अब पांच घरेलू और दो विदेशी खिलाड़ियों को खरीदने का विकल्प रहेगा। मुंबई ने लेग स्पिनर मयंक मारकंडे और बल्लेबाज सिद्धेश लाड को क्रमश: दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को दिया है। इसके अलावा मुंबई इंडियंस ने 6 अंतररष्ट्रीय और 4 घरेलू खिलाड़ियों को रिलीज किया है। रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों में ऑलराउंडर युवराज सिंह भी शामिल हैं जिन्होंने इस साल अपने संन्यास की घोषणा कर दी थी। युवराज सिंह आजकल चयनकर्ताओं और बीसीसीआई (BCCI) को लेकर अपनी आलोचना के चलते चर्चा में बने हुए हैं।

मुंबई इंडियंस के आईपीएल 2020 के रिटेन और रिलीज खिलाडी 

बरकरार रखे गए खिलाड़ी : रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, क्रुणाल पांड्या, ईशान किशन, सूर्य कुमार यादव, राहुल चाहर, अनमोलप्रीत सिंह, जयंत यादव, आदित्य तारे, अनुकूल रॉय, धवल कुलकर्णी, क्विंटन डी कॉक, कीरोन पोलार्ड, शेरफेन रदरफोर्ड, लसित मलिंगा, मिशेल मैकक्लेनेगन और ट्रेंट बोल्ट।

रिलीज किए गए खिलाड़ी : एविन लुईस, एडम मिल्ने, जैसन बेहरनडोर्फ, ब्यूरन हैंड्रिक्स, बेन कटिंग, युवराज सिंह, मयंक मारकंडे, बरिंदर शरण, राशिख सलाम, पंकज जसवाल, सिद्धेश लाड और अल्जारी जोसफ।