Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में 138 रन की शानदार शतकीय पारी खेलकर रिटायरमेंट की तमाम अटकलों पर विराम लगाने वाले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को अब पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का भी खुला समर्थन मिला है। कैफ ने साफ कहा कि रोहित शर्मा ने भारतीय क्रिकेट के लिए इतना योगदान दिया है कि उन्हें अपने संन्यास का फैसला खुद लेने का पूरा अधिकार है।

रोहित ने लॉर्ड्स में 110 गेंदों पर 138 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि भारत यह मुकाबला 27 रन से हार गया और इंग्लैंड ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

"रिटायरमेंट का फैसला रोहित खुद करेंगे"

अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में मोहम्मद कैफ ने कहा, 'रोहित शर्मा का रिटायरमेंट कब होगा, इसका फैसला सिर्फ रोहित शर्मा ही करेंगे। यह अधिकार उन्होंने अपने प्रदर्शन से कमाया है। उन्होंने भारत के लिए इतनी मेहनत की है कि उन्हें अपनी इच्छा से संन्यास लेने का पूरा हक है।'

उन्होंने आगे कहा, '12 हजार से ज्यादा रन, 34 वनडे शतक... जब तक वह कप्तान रहे, भारत ने सफेद गेंद के क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया। ऐसे खिलाड़ी को यह बताना कि अब रिटायर हो जाओ, सही नहीं है।'

लॉर्ड्स में आलोचकों को बल्ले से दिया जवाब

कैफ ने कहा कि रोहित पर लगातार रिटायरमेंट का दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने उसी दबाव में अपने करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक खेली। 'हर तरफ यही कहा जा रहा था कि रोहित शर्मा अब रिटायर हो जाएं। लेकिन उसी दबाव के बीच उन्होंने लॉर्ड्स में भारतीय बल्लेबाज के तौर पर पहला वनडे शतक लगाया। इस मैच में किसी और भारतीय बल्लेबाज ने शतक नहीं बनाया, लेकिन रोहित ने अपने बल्ले से सभी को जवाब दे दिया।'

"अगर टीम और बीसीसीआई साथ खड़े हों तो रोहित कमाल कर देंगे"

कैफ का मानना है कि रोहित इस समय मानसिक दबाव में हैं क्योंकि उन्हें खुला समर्थन नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा, 'सोचिए अगर कप्तान शुभमन गिल खुलकर कह दें कि हमें 2027 वर्ल्ड कप में रोहित भाई चाहिए या बीसीसीआई यह कह दे कि रोहित जितना चाहें खेलेंगे और हम उनके साथ हैं, तो रोहित और भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।'

"रोहित पर भरोसा दिखाइए"

कैफ ने कहा कि जब किसी खिलाड़ी को टीम, कप्तान और कोच का भरोसा मिलता है तो उसका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाता है। 'अगर रोहित को महसूस होगा कि कप्तान, कोच और टीम उनके साथ खड़ी है तो वह भारत के लिए हिमालय भी पार कर जाएंगे। मेरी सभी से अपील है कि रोहित शर्मा को शांति से भारत के लिए खेलने दीजिए।'

लॉर्ड्स में खेली यादगार पारी

388 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने 110 गेंदों पर 138 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और पांच छक्के शामिल थे। उन्होंने शुभमन गिल (77) के साथ 147 रन और विराट कोहली (74) के साथ 113 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि टीम इंडिया लक्ष्य से 27 रन दूर रह गई और सीरीज 2-1 से गंवा बैठी।