स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत से 96 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर की रणनीति पर सवाल उठाए हैं। आमिर ने खास तौर पर गेंदबाजी बदलाव को लेकर सैंटनर की आलोचना की और कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि अहम मौके पर ग्लेन फिलिप्स को हटाकर जैकब डफी को क्यों गेंद दी गई।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ पर उठाए सवाल
जियो न्यूज के शो ‘हारना मना है’ में बात करते हुए मोहम्मद आमिर ने कहा कि न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की लाइन और लेंथ काफी खराब रही। उन्होंने कहा, 'न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को क्रेडिट देना पड़ेगा। वे वाइड गेंदें डाल रहे थे और वहीं से छक्के भी खा रहे थे। इसका मतलब यह नहीं कि भारत को क्रेडिट नहीं मिलता, लेकिन मुझे गेंदबाजी बदलाव समझ नहीं आए।'
अभिषेक शर्मा के खिलाफ स्पिन का इस्तेमाल नहीं करने पर सवाल
आमिर ने कहा कि जब टीम को पता था कि अभिषेक शर्मा स्पिन के खिलाफ संघर्ष करते हैं, तब स्पिनर का इस्तेमाल करना चाहिए था। उन्होंने कहा, 'जब आपको पता है कि अभिषेक शर्मा स्पिन के खिलाफ संघर्ष करते हैं, तो फिर जैकब डफी को क्यों लाया गया? यह फैसला समझ से बाहर था।'
‘20 साल में पहली बार न्यूजीलैंड को इतना दबाव में देखा’
मोहम्मद आमिर ने यह भी कहा कि उन्होंने पिछले दो दशकों में न्यूजीलैंड को इतना दबाव में कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा, 'मैं 2005 से न्यूजीलैंड को देख रहा हूं, लेकिन मैंने उन्हें इतनी ज्यादा दबाव की स्थिति में पहले कभी नहीं देखा।'
फिलिप्स को कम ओवर देना पड़ा महंगा
फाइनल में ग्लेन फिलिप्स ने पावरप्ले में अभिषेक शर्मा को सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की। उस ओवर में अभिषेक ने संभलकर बल्लेबाजी की और केवल पांच रन बने। इसके बाद सैंटनर ने तेज गेंदबाज जैकब डफी को गेंद थमा दी। हालांकि यह फैसला उल्टा पड़ गया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए रन गति तेज कर दी। डफी ने तीन ओवर में 42 रन लुटा दिए।
भारत की बल्लेबाजी की आमिर ने की तारीफ
आलोचना के साथ-साथ आमिर ने भारतीय बल्लेबाजों की भी जमकर तारीफ की। उनका मानना है कि भारत ने यह मिथक तोड़ दिया है कि सिर्फ तेज गेंदबाज ही टूर्नामेंट जिताते हैं। उन्होंने कहा, 'भारत को क्रेडिट देना होगा। उन्होंने यह मिथक तोड़ दिया कि सिर्फ तेज गेंदबाज ही टूर्नामेंट जिताते हैं। बल्लेबाज भी ऐसा कर सकते हैं। सेमीफाइनल और फाइनल में उन्होंने फ्लैट पिच पर 250 से ज्यादा रन बनाए।'
बुमराह रहे टूर्नामेंट के सबसे घातक गेंदबाज
हालांकि टूर्नामेंट में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी शानदार प्रदर्शन किया। बुमराह ने फाइनल में चार विकेट लेकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड जीता। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 14 विकेट लिए और उनका औसत 12.42 रहा। साथ ही उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 6.21 रहा, जो पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले किसी भी गेंदबाज से बेहतर था। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी बुमराह ने अहम भूमिका निभाई।