Sports

स्पोर्ट्स डेस्क :  Mitchell Santner ने ICC Men's T20 World Cup 2026 के फाइनल से पहले अपने देश के प्रशंसकों से खास अपील की है। New Zealand national cricket team के कप्तान सैंटनर ने कहा कि भारत के खिलाफ फाइनल मुकाबले के दौरान स्टेडियम में भारतीय प्रशंसकों की संख्या बहुत ज्यादा होगी, इसलिए वह चाहते हैं कि न्यूजीलैंड के फैंस घर से ही टीम का पूरा समर्थन करें। भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला Narendra Modi Stadium, अहमदाबाद में खेला जाएगा।

कीवी फैंस से सुबह जल्दी उठने की अपील

न्यूजीलैंड के समयानुसार यह मुकाबला सुबह 2:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में सैंटनर ने अपने देश के प्रशंसकों से अलार्म लगाकर मैच देखने की अपील की है। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम New Zealand national cricket team के आधिकारिक संदेश में सैंटनर ने कहा:

'किया ओरा आओटियारोआ, ब्लैककैप्स के कप्तान मिच सैंटनर बोल रहा हूं। रविवार को परेशान करने के लिए माफ कीजिए, लेकिन मैं आप सभी को अहमदाबाद में भारत के खिलाफ हमारे टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की याद दिलाना चाहता था। यह सोमवार सुबह 2:30 बजे (न्यूजीलैंड समय) शुरू होगा।'

‘यहां हम थोड़ा कम हैं’

सैंटनर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अहमदाबाद में भारतीय प्रशंसकों की भारी भीड़ होगी और न्यूजीलैंड टीम संख्या में कम नजर आएगी।

उन्होंने कहा: 'यह कहना सही होगा कि यहां हम थोड़ा कम हैं – करीब 1.4 अरब भारतीय फैंस और बाकी सब। मुझे पूरा भरोसा है कि 130,000 क्षमता वाला नरेंद्र मोदी स्टेडियम भी ज्यादातर टीम इंडिया के समर्थन में होगा। लेकिन यह ठीक है, क्योंकि हमें पता है कि हमारे देश में आप सभी हमारे साथ हैं।'

देर से ऑफिस या स्कूल पहुंचने की भी दी सलाह

कीवी कप्तान ने अपने फैंस से मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर मैच देखने के कारण वे ऑफिस या स्कूल देर से पहुंचते हैं तो वह अपने बॉस या टीचर को उनका संदेश दे सकते हैं।

सैंटनर ने कहा: 'भले ही आप हमारे साथ यहां नहीं हैं, लेकिन हम आपकी तस्वीरें, पोस्ट और कहानियां देखते हैं। हमें पता है कि आप देर रात तक जागते हैं और सुबह जल्दी उठते हैं। हम आपका प्यार महसूस करते हैं। इसलिए अलार्म लगाइए और एक बार फिर हमारा समर्थन कीजिए। अगर आप ऑफिस या स्कूल देर से पहुंचते हैं तो मेरे तरफ से अपने बॉस या टीचर को संदेश दे दीजिए। उम्मीद है हम ट्रॉफी के साथ घर लौटेंगे।'

अहमदाबाद की भीड़ को शांत करना चाहते हैं सैंटनर

इससे पहले सैंटनर ने कहा था कि वह अहमदाबाद में मौजूद भारतीय दर्शकों को शांत कराना चाहते हैं। उन्हें उम्मीद है कि स्टेडियम में नीली जर्सी वाले भारतीय प्रशंसकों का समुद्र देखने को मिलेगा, लेकिन न्यूजीलैंड टीम उस माहौल में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत पर न्यूजीलैंड का दबदबा

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ काफी मजबूत रहा है। भारत अब तक टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाया है। कीवी टीम के नाम इस टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ लगातार तीन जीत दर्ज हैं। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2021 टी20 वर्ल्ड कप में हुई थी, जहां न्यूजीलैंड की जीत के कारण भारत को ग्रुप स्टेज से ही बाहर होना पड़ा था।

सूर्यकुमार यादव के खिलाफ सैंटनर का शानदार रिकॉर्ड

सैंटनर का रिकॉर्ड भारतीय कप्तान Suryakumar Yadav के खिलाफ भी काफी अच्छा रहा है। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार को कई बार परेशान किया है। दोनों के बीच अब तक 12 मुकाबले हुए हैं, इनमें से 5 बार सैंटनर ने सूर्यकुमार को आउट किया है, सूर्यकुमार ने उनके खिलाफ 94 रन बनाए हैं, स्ट्राइक रेट: 118.98; हालांकि, सूर्यकुमार का न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ 13 पारियों में 526 रन बनाए हैं। औसत: 58.44, स्ट्राइक रेट: 170.77, इसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं।