Sports

खेल डैस्क : आयुष म्हात्रे चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने वाले इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। डैब्यू के दिन उनकी उम्र महज 17 साल 278 दिन थी। आयुष ने दीपक चाहर की गेंद पर आउट होने से पहले सिर्फ 15 गेंदों में 32 रनों की तेज पारी खेली। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल थे। सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हुई। इस सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ की जगह टीम में शामिल आयुष म्हात्रे को धोनी ने प्लेइंग 11 में जगह दी थी। 17 वर्षीय यह युवा खिलाड़ी अपने घरेलू मैदान पर डेब्यू कर रहा है क्योंकि यह युवा मुंबई से है और घरेलू क्रिकेट में उनके लिए खेलता है।

 

 


आईपीएल में सीएसके का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
17 वर्ष 278 दिन - आयुष म्हात्रे बनाम एमआई, वानखेड़े, 2025
18 वर्ष 139 दिन - अभिनव मुकुंद बनाम आरआर, चेन्नई, 2008
19 वर्ष 123 दिन - अंकित राजपूत बनाम एमआई, चेन्नई, 2013
19 वर्ष 148 दिन - मथीशा पथिराना बनाम जीटी, वानखेड़े, 2022


आयुष म्हात्रे का भाई स्टेडियम में, रोने लगा
आयुष म्हात्रे जब बल्लेबाजी करते हुए बड़े शॉट लगा रहे थे तो स्टेडियम में उनका छोटा भाई भी मौजूद था। दर्शकों के जोश के बीच आयुष का छोटा भाई भावुक होकर रोता नजर आया। चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट की है। 

 

 

आईपीएल डैब्यू पर बनाए 32 रन 
आयुष म्हात्रे शीर्ष क्रम के दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और घरेलू क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हैं। मात्र 17 साल और 278 दिन की उम्र में उन्होंने चेन्नई के लिए आईपीएल डेब्यू कर पीली जर्सी पहनने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया। अपनी पहली पारी में उन्होंने 15 गेंदों में 32 रन बनाए, जिसे दीपक चाहर ने समाप्त किया। आईपीएल से पहले म्हात्रे ने विजय हजारे ट्रॉफी में 458 रन और रणजी ट्रॉफी में 471 रन बनाए, जिसमें तीन शतक शामिल हैं। उन्होंने 9 प्रथम श्रेणी और सात लिस्ट ए मैच खेले, सभी प्रारूपों में लगभग 1,000 रन बनाए।


 

दादा ने बनाया क्रिकेटर
अंडर19 वर्ल्ड कप और एशिया कप में अपना जलवा दिखा चुके आयुष मुंबई के बाहरी इलाके विरार से आते हैं। आयुष के दादा लक्ष्मीकांत नाइक ने उन्हें क्रिकेटर बनने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सुनिश्चित किया कि आयुष हर दिन समय पर उठे और उसे क्रिकेट कोचिंग और स्कूल ले जाते थे। आयुष ने पहली बार दिसंबर 2023 में मुंबई के लिए अंडर-23 स्तर पर प्रतिनिधित्व किया। दस महीनों के भीतर वह सीनियर टीम में खेलते नजर आए।