Sports

अहमदाबाद : पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पांच साल की बेटी को कथित रूप से रेप की धमकी देने वाले 16 साल के युवा को रविवार को गुजरात में मुंद्रा में पकड़ा गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

कच्छ (पश्चिम) पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह ने कहा, ‘12वीं कक्षा के छात्र को धोनी की पत्नी साक्षी धोनी के इंस्टाग्राम पर कुछ दिन पहले पोस्ट किए गए भद्दे धमकी के मैसेज के संबंध में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।' पुलिस ने कहा कि इस युवा ने स्वीकार किया है कि उसने कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग 2020 मैच के बाद इंस्टाग्राम पर धमकी भरे संदेश पोस्ट किए थे।

सिंह ने कहा कि रांची पुलिस ने इस लड़के के संबंध में कच्छ (पश्चिम) पुलिस के साथ सूचना साझा की थी और उनसे पुष्टि करने के लिए पूछा था कि क्या इसी ने धमकी भरे संदेश पोस्ट किए थे। उन्होंने कहा, ‘हमने रांची पुलिस की हमसे सूचना साझा किए जाने के बाद पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया है और यह आरोपी कच्छ जिले में मुंद्रा का रहने वाला है।' उन्होंने कहा, ‘हमने पुष्टि की कि यह लड़का वही है जिसने संदेश पोस्ट किए थे। उसे रांची पुलिस को सौंप दिया जाएगा।'