Sports

पुणे : किरण नवगिरे ने महेंद्र सिंह धोनी के प्रति अपने अपार प्रेम को जाहिर किया है। वह उन्हें क्रिकेट का भगवान मानती हैं। महाराष्ट्र की इस धाकड़ बल्लेबाज ने कहा, 'मैं धोनी की तरह लंबे छक्के लगाना चाहती थी और इसी वजह से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था। देश के साथ-साथ मेरे लिए भी बहुत कुछ बदल सा गया जब धोनी ने (2011) विश्व कप जीतने के लिए वह छक्का लगाया था।' 11 वर्षों बाद नवगिरे अपनी बल्लेबाजी के दम पर सुर्खियिां बटोर रही हैं। 

हाल ही में संपन्न हुई महिला टी20 लीग में नागालैंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने सर्वाधिक 35 छक्के लगाए। इसके अलावा उन्होंने 54 चौकों की मदद से कुल 525 रन बनाए। इस दौरान वह एक टी20 मैच में 150 से अधिक का स्कोर बनाने वाली पहली भारतीय महिला भी बनी। साथ ही अपनी पार्ट टाइम ऑफ स्पिन से उन्होंने सात विकेट झटके। इस प्रदर्शन के बाद वह महिला टी20 चैलेंज में अपना पहला मैच खेलने की कगार पर हैं। तीन टीमों वाली यह प्रतियोगिता अपने चौथे संस्करण में है और नवगिरे को दीप्ति शर्मा के नेतृत्व वाली वेलॉसिटी टीम में चुना गया है। 

एमसीए स्टेडियम पर अपने दूसरे अभ्यास सत्र के बाद कप्तान दीप्ति ने कहा, 'मैं किरण को पहली बार नेट्स में खेलते हुए देख रही थी जब मुझे पता चला कि वह शेफाली (वर्मा) की तरह एक बेहतरीन पावर हिटर हैं। अभ्यास में मैंने उन्हें ज़्यादातर समय छक्के लगाते हुए ही देखा है। जब वह बल्लेबाजी करती हैं तब ऐसा लगता है कि गेंद मैदान से बाहर जाकर ही गिरेगी। उनके ताकतवर शॉट देखकर समझ नहीं आता कि यह शॉट कोई पुरुष खेल रहा है या फिर कोई महिला।'