Sports

बेंगलुरु : कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति के 13 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण के बाद मिलने वाली अंतिम मंजूरी के उपरांत इस मैदान पर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच खेले जा सकेंगे। इससे पहले इस महीने की शुरुआत में आईपीएल सहित सभी मैचों के आयोजन के लिए जो मंजूरी दी गई थी, वह‘सशर्त'थी। हालांकि कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) को भरोसा है कि आईपीएल मैचों की मेजबानी में कोई रुकावट नहीं आएगी।

केएससीए, चिन्नास्वामी स्टेडियम का नवीनीकरण कर रहा है, जिसमें कई नए एंट्री गेट लगाना और कई मौजूदा गेटों को चौड़ा कराना शामिल है। इस काम में आसपास के ढांचे को भी अपग्रेड किया जा रहा है, जैसे- नए वॉकवे बनाना, पुराने नेशनल क्रिकेट एकेडमी परिसर के पास एक होल्डिंग एरिया बनाना और आपातकालीन सेवाओं के लिए सीधे प्रवेश और निकास रास्ते तैयार करना शामिल है। 

जस्टिस डी‘कुन्हा समिति की सिफारिशों के अनुसार केएससीए के पास 15 मार्च तक इस‘शॉटर्-टर्म'सुधार से जुड़े सभी काम पूरे करने का समय है। यह समिति उस भगदड़ के बाद बनाई गई थी, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के आईपीएल 2025 जीत के जश्न के दौरान 11 लोगों की मौत हो गई थी। समिति के गठन के बाद इस समिति ने स्टेडियम की सुरक्षा और ढांचे की पूरी जांच की थी। 

स्टेडियम के अपग्रेड का काम दिसंबर के मध्य में केएससीए चुनावों के बाद शुरू हुआ, जिसमें भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद अध्यक्ष चुने गए थे। प्रसाद की टीम अपग्रेडेशन से जुड़ी कई प्रक्रियात्मक मामलों पर सरकारी अधिकारियों के संपकर् में रही है। केएससीए ने यह भी पुष्टि की है कि सभी लंबित सुरक्षा ऑडिट से जुड़े मुद्दे भी अब हल कर दिए गए हैं। 

गौरतलब है कि पिछली जुलाई में राज्य के बिजली नियामक निकाय ने स्टेडियम की बिजली आपूर्ति काट दी थी। इस महीने की शुरुआत में केएससीए ने यह भी बताया था कि कई सप्ताह की बातचीत के बाद आरसीबी अपने घरेलू मैदान पर लौटेगी। भीड़ नियंत्रण को बेहतर बनाने के लिए फ्रेंचाइजी और केएससीए, बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के साथ भी उच्च स्तर की बातचीत कर रहे हैं। आरसीबी टिकटों के क्यूआर कोड स्कैनिंग के साथ डिजिटल एंट्री भी लागू करेगी, ताकि मैच से पहले ऑनलाइन टिकट को फिजिकल टिकट में बदलने के लिए बॉक्स ऑफिस के आसपास भीड़ जमा न हो। 

आईपीएल 2026 का पहला मैच आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 5 अप्रैल को आरसीबी, चेन्नई सुपर किंग्स की मेजबानी करेगी। आईपीएल द्वारा बुधवार को जारी पहले चरण के कार्यक्रम में आरसीबी के घरेलू मैदान पर ये दो ही मैच शामिल हैं। आरसीबी इस साल अपने घरेलू मैदान पर कुल पांच घरेलू मैच खेलेगी, जबकि दो अन्य घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण स्टेडियम में खेले जाएंगे।