Sports

पल्लेकेले, श्रीलंका : इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने रविवार को इतिहास रच दिया। श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज के दूसरे मुकाबले में उन्होंने न सिर्फ एक और अहम पारी खेली, बल्कि T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।

यह मुकाबला बटलर के करियर का 402वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी रहा, जिससे उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट में एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।

श्रीलंका के खिलाफ अहम योगदान, इंग्लैंड की 6 विकेट से जीत

दूसरे T20I में जोस बटलर ने 29 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।

T20I में चौथे सबसे बड़े रन स्कोरर बने बटलर

इस मैच के बाद जोस बटलर के नाम अब 146 T20I मैचों में 3925 रन, औसत: 35.36,1 शतक और 28 अर्धशतक हो गए हैं। इसके साथ ही वे दुनिया के चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले T20I बल्लेबाज बन गए हैं।

रोहित-विराट से पीछे, लेकिन ऐतिहासिक लिस्ट में जगह पक्की

T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में—

बाबर आज़म (पाकिस्तान) – 4505 रन (139 मैच)
रोहित शर्मा (भारत) – 4231 रन (159 मैच)
विराट कोहली (भारत) – 4188 रन (125 मैच)
जोस बटलर (इंग्लैंड) – 3925 रन (146 मैच)

गौर है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही T20I और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

इंग्लैंड के सबसे सफल T20I बल्लेबाज

जोस बटलर पहले से ही इंग्लैंड के सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन हैं, जिन्होंने 115 T20I मैचों में 2458 रन बनाए और वह ऑलटाइम T20I रन लिस्ट में 23वें स्थान पर हैं।

इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी

35 वर्षीय जोस बटलर ने इस मैच के साथ इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन (401 मैच) को पीछे छोड़ा। अब बटलर के नाम इंग्लैंड के लिए 402 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले दर्ज हैं।

तीनों फॉर्मेट में बटलर का दमदार रिकॉर्ड

जोस बटलर के अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़े—

कुल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट 402 मैच, 12308 रन
टेस्ट क्रिकेट 57 मैच | 100 पारियां 2907 रन | औसत 31.94, 2 शतक | 18 अर्धशतक
वनडे क्रिकेट 199 मैच | 171 पारियां 5515 रन | औसत 39.11, 11 शतक | 29 अर्धशतक

T20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की उम्मीद

दो बार ICC ट्रॉफी जीत चुके जोस बटलर अब ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी इंग्लैंड का अहम हिस्सा होंगे। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू हो रहा है। इंग्लैंड ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है, जिसमें हैरी ब्रूक को कप्तान बनाया गया है। इंग्लैंड की टीम अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को नेपाल के खिलाफ करेगी।