स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 29वें मुकाबले में भले ही इटली को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उसके मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज बेन मानेंटी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में मानेंटी ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया।
203 रन का पीछा, शुरुआत रही बेहद खराब
203 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 23 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। ऐसा लग रहा था कि मैच एकतरफा हो जाएगा, लेकिन ओपनर जस्टिन मोस्का और बेन मानेंटी ने पारी को संभाला। मोस्का ने एक छोर थामे रखा, जबकि मानेंटी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
22 गेंद में फिफ्टी, विल जैक्स के ओवर में 20 रन
मानेंटी ने चौके-छक्कों की झड़ी लगाते हुए महज 22 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। खास तौर पर विल जैक्स के एक ओवर में उन्होंने दो चौके और दो छक्के जड़ते हुए 20 रन बटोर लिए। 28 वर्षीय इस बल्लेबाज ने 25 गेंदों में 60 रन की पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। मोस्का (43) के साथ उनकी 92 रन की साझेदारी ने इंग्लैंड की धड़कनें बढ़ा दीं।
ओवरटन और करन ने पलटा मैच
हालांकि जेमी ओवरटन ने मानेंटी को आउट कर इंग्लैंड को राहत दिलाई। इसके बाद ग्रांट स्टीवर्ट ने 23 गेंदों में 45 रन की तेज पारी खेलकर इटली की उम्मीदें जिंदा रखीं, लेकिन सैम करन ने उनका विकेट लेकर मैच पर इंग्लैंड की पकड़ मजबूत कर दी।
मैच का नतीजा: 24 रन से जीता इंग्लैंड
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 202 रन बनाए। जवाब में इटली की टीम 178 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने 24 रन से जीत दर्ज कर सुपर-8 में जगह बना ली।