Sports


खेल डैस्क : गुजरात टाइटंस छोड़ने पर हार्दिक पांड्या पर कटाक्ष करने वाले इरफान पठान ने कहा है कि जब तक रोहित शर्मा एक खिलाड़ी के रूप में सक्रिय हैं, तब तक इस ऑलराउंडर के लिए मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने की कोई संभावना नहीं है। खिलाड़ियों को रिलीज करने और रिटेन करने की समय सीमा 26 नवंबर को खत्म होने के बाद इस सौदे को अंतिम रूप दिया गया।

 

इरफान पठान ने एक शो के दौरान कहा कि रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के दिग्गज खिलाड़ी हैं, जिन्होंने उन्हें 5 आईपीएल खिताब दिलाए हैं। वह सक्रिय रहने तक उनके कप्तान रहेंगे और हार्दिक के लिए मुंबई स्थित फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करने का कोई मौका नहीं है।

 

पठान बोले- मुंबई इंडियंस के पास कई ऑलराउंडर हैं और हार्दिक उस स्थान को मजबूत करने के लिए वापस नहीं लौट रहे हैं। मुंबई भविष्य के बारे में सोच रही है और ऐसा खिलाड़ी चाहती है जो रोहित के टूर्नामेंट से संन्यास लेने के बाद कप्तानी की कमान संभाल सके।

 

बता दें कि हार्दिक 2 साल तक  गुजरात टाइटंस के कप्तान रहे। उन्होंने 2022 में लीग जीती और 2023 में फाइनल में जगह बनाई थी। हार्दिक को 2015 में मुंबई इंडियंस ने 10 लाख की कीमत के साथ टीम में शामिल किया था और वह मुंबई की चार खिताबी जीत का हिस्सा रहे हैं।