Sports

नई दिल्ली : मुंबई इंडियंस हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टाटा IPL 2026 में उतर रही है। उनका लक्ष्य पिछले 5 सालों से चले आ रहे ट्रॉफी के सूखे को खत्म करना और लीग के इतिहास में सबसे सफल फ्रेंचाइजी बनना है। जियो हॉटस्टार के शो ‘गेम प्लान - नो योर टीम' पर बात करते हुए जियो स्टार के एक्सपर्ट हरभजन सिंह ने पंड्या से आगे बढ़कर टीम की अगुवाई करने की अपील की। 

साथ ही उन्होंने MI की ओपनिंग जोड़ी को लेकर चल रही उलझन और टीम में जसप्रीत बुमराह की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की। हरभजन सिंह ने हार्दिक पंड्या से आगे बढ़कर टीम की अगुवाई करने की अपील करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि हार्दिक को अपने असली रूप में सामने आना होगा। उन्हें अपना ‘बेस्ट गेम' दिखाना होगा। जब वह अपना ‘बेस्ट गेम' खेलना शुरू करेंगे - न सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर, बल्कि एक गेंदबाज के तौर पर भी - तो इससे बहुत बड़ा फर्क पड़ेगा। हमने उन्हें टी 20 वर्ल्ड कप में गेंदबाजी करते देखा था। गेंद के साथ उनका प्रदर्शन शानदार था। IPL में भी उन्हें ठीक वैसा ही करना होगा।' 

उन्होंने कहा, 'जब कोई कप्तान आगे बढ़कर टीम की अगुवाई करता है और रास्ता दिखाता है, तो बाकी सब भी उसका अनुसरण करते हैं। यह सब भरोसे पर निर्भर करेगा। अगर हार्दिक और उनकी टीम पहले दिन से ही यह मान ले कि वे सिर्फ मुकाबला करने के लिए नहीं, बल्कि छठी बार ट्रॉफी जीतने के लिए मैदान में उतरे हैं, तो MI के लिए हालात बहुत तेजी से बदल सकते हैं।' 

इस सवाल पर कि रयान रिकल्टन और क्विंटन डी कॉक, दोनों एक साथ प्लेइंग इलेवन में क्यों नहीं खेलेंगे, हरभजन ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि MI  का टीम मैनेजमेंट दोनों को एक साथ प्लेइंग इलेवन में मौका देगा। इन दोनों में से कोई एक ही शुरुआती लाइन-अप में शामिल होगा। दोनों को एक साथ खिलाना मुश्किल होगा, क्योंकि MI के पास टॉप ऑडर्र में रोहित शर्मा भी मौजूद हैं। वह मुख्य ओपनर होंगे, और दूसरे छोर पर रयान रिकल्टन या क्विंटन डी कॉक में से कोई एक उनका साथ देगा। इसके बाद तीसरे और चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा बल्लेबाजी करने आएंगे। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि हम क्विंटन डी कॉक और रयान रिकल्टन को एक ही समय पर, एक साथ खेलते हुए देख पाएंगे।'