स्पोर्ट्स डेस्कः भारतीय क्रिकेट के नए 'सुपर किड' वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का तूफान रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (RR vs SRH) के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने वह कारनामा कर दिखाया, जो दिग्गज खिलाड़ी अपने पूरे करियर में एक बार भी नहीं कर सके।
महज 15 गेंदों में तबाह की हैदराबाद की गेंदबाजी
राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव ने पारी के पहले ही ओवर में प्रभुल हिंगे के खिलाफ अपना इरादा साफ कर दिया था। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा कर सनराइजर्स के गेंदबाजों के होश उड़ा दिए। अपनी इस तूफानी पारी के दौरान सूर्यवंशी ने 7 गगनचुंबी छक्के और 1 चौका जड़ा।
आधे ही सीजन में बना डाला 'ट्रिपल रिकॉर्ड'
हैरानी की बात यह है कि वैभव ने इसी आईपीएल सीजन में तीसरी बार 15 गेंदों पर अर्द्धशतक जड़ने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इससे पहले वह इसी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी 15-15 गेंदों में पचासा ठोक चुके हैं। क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी बल्लेबाज ने महज आधे सीजन में तीन बार इतनी तेज फिफ्टी लगाई हो।
दिग्गजों को छोड़ा पीछे
वैभव ने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर-मुकगर्क को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 2024 में दो बार 15 गेंदों पर अर्द्धशतक लगाया था। वहीं, क्रिकेट जगत के बड़े नाम जैसे यूसुफ पठान (2014), सुनील नरेन (2017), निकोलस पूरन (2023) और अभिषेक शर्मा (2024) अपने पूरे आईपीएल करियर में अब तक केवल एक-एक बार ही 15 गेंदों में अर्द्धशतक जड़ पाए हैं।