स्पोर्ट्स डेस्क : मंगलवार 14 जुलाई को एजबेस्टन में सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड पर 6 विकेट से शानदार जीत के बाद भारत दूसरे वनडे में पूरे जोश के साथ सीरीज पर अजय बढ़त बनाने उतरेगा। कप्तान शुभमन गिल ने 80 रनों की संयमित पारी खेलकर लक्ष्य का पीछा करने में टीम की अगुवाई की, लेकिन क्रैम्प्स (मांसपेशियों में खिंचाव) के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। वहीं अक्षर पटेल ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया, उन्होंने 62 रन देकर 4 विकेट लिए और नाबाद 57 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने भी नाबाद अर्धशतक लगाया, जिससे भारत ने 259 रनों के लक्ष्य को 28 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया और तीन मैचों की सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली।
अब मुकाबला गुरुवार 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में होगा। हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम सीरीज बराबर करने और लॉर्ड्स में निर्णायक मैच तक ले जाने के लिए बेताब होगी। हालांकि भारत के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले इंग्लैंड को एक अच्छी खबर मिली है। चोट से उबरने के बाद ब्रायडन कार्स को भारत के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के बाकी दो वनडे मैचों के लिए इंग्लैंड की टीम में शामिल किया गया है।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने मंगलवार 14 जुलाई को एजबेस्टन में पहले वनडे के दौरान 30 वर्षीय तेज गेंदबाज को टीम में शामिल करने की पुष्टि की। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में लंबी पारी खेलने के दौरान डिहाइड्रेशन और मुश्किल मौसम की वजह से भारतीय कप्तान शुभमन गिल के दाहिने पैर में जोरदार क्रैम्प्स (मांसपेशियों में खिंचाव) आ गए थे। शानदार 80 रन बनाने के बाद कप्तान को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। हालांकि मैच के बाद गिल ने चोट की चिंताओं को दूर करते हुए पुष्टि की कि समस्या सिर्फ क्रैम्प्स की थी और वह गुरुवार को दूसरे वनडे में भारत की कप्तानी करने के लिए फिट रहेंगे।
भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे :
तारीख : गुरुवार, 16 जुलाई, 2026
स्थान : सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ़
समय : दोपहर 1 बजे (लोकल टाइम), शाम 5:30 बजे (IST)
लाइव टेलीकास्ट : सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क
लाइव स्ट्रीमिंग : जियो हॉटस्टार