Sports

काकामिगहारा (जापान) : भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 के अपने दूसरे पूल ए मैच में कोरिया पर 3-1 से शानदार जीत दर्ज की। भारत की अंडर-18 टीम के लिए नौशीन नाज़, श्रुति कुमारी और किरण एक्का ने एक-एक गोल किये। भारत ने मलेशिया पर पहले दिन मिली जीत के बाद टूर्नामेंट में अपनी जीत की लय को बनाए रखा। 

भारत ने शानदार शुरुआत की और पहले क्वाटर्र में ही एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल कर लिया। नौशीन ने चौथे मिनट में गोल दागकर भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई। भारतीय टीम ने गेंद पर अपना दबदबा बनाए रखा और दूसरे क्वाटर्र में अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। 21वें मिनट में, श्रुति ने एक बेहतरीन मैदानी गोल करके गेंद को नेट में पहुंचाया, जिससे हाफ-टाइम ब्रेक से पहले भारत को 2-0 की आरामदायक बढ़त मिल गई। 

ब्रेक के बाद कोरिया ने वापसी की कोशिश की और तीसरे क्वाटर्र में गोल करके अंतर को कम कर दिया; 41वें मिनट में ग्योंगमिन रयू ने गोल करके स्कोर 2-1 कर दिया। हालांकि भारत ने जल्द ही अपनी दो गोल की बढ़त को फिर से हासिल कर लिया। किरण एक्का, जिन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया, ने 43वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर को सफलतापूर्वक गोल में बदला जिससे भारत की बढ़त 3-1 हो गई और मैच पूरी तरह से उनके नियंत्रण में आ गया। 

भारत अंतिम क्वाटर्र में भी अनुशासित रहा और कोरिया को गोल करने का कोई और मौका न देकर एक महत्वपूर्ण जीत हासिल की। भारतीय टीम ने मैच के दौरान चार पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया, जबकि कोरिया को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। मलेशिया और कोरिया के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच जीतने के बाद भारत अब छह अंकों के साथ पूल ए की अंक तालिका में शीर्ष पर है। दो जून को भारत अपने पूल के अंतिम मैच में सिंगापुर का सामना करते हुए अपनी अजेय बढ़त को बनाए रखने की कोशिश करेगा।