स्पोर्ट्स डेस्क : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मैच के बॉयकॉट के फैसले पर पुनर्विचार कर सकता है। यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे हाई-वोल्टेज मैचों में से एक माना जा रहा है।
पीसीबी चीफ की प्रधानमंत्री से मुलाकात संभव
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पूरे मामले की जानकारी दे सकते हैं। नकवी प्रधानमंत्री से अनुरोध कर सकते हैं कि भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दी जाए। हालांकि, अंतिम फैसला प्रधानमंत्री द्वारा ही लिया जाएगा और पीसीबी उसी का पालन करेगा।
बीसीबी, एसएलसी और ईसीबी का दबाव
सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने भी नकवी से बॉयकॉट खत्म करने की अपील की है। इसके अलावा श्रीलंका क्रिकेट (SLC) और एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भी पाकिस्तान से अपने फैसले पर दोबारा सोचने को कहा है। पीसीबी का कहना है कि वह सभी संबंधित बोर्ड्स और आईसीसी के साथ लगातार संपर्क में है।
आईसीसी और एशिया कप पर भी चर्चा
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि नकवी ने आईसीसी चेयरमैन ग्रेग बार्कले और एसीसी प्रमुख जय शाह के साथ बातचीत में एशिया कप से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उन्होंने ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर सवाल किए और साफ किया कि एशिया कप ट्रॉफी का सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने प्रस्तुत किया जाना जरूरी है। फिलहाल यह ट्रॉफी दुबई स्थित एसीसी मुख्यालय में रखी है।
बांग्लादेश की स्थिति
गौर है कि बांग्लादेश सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत की यात्रा से इनकार करने के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गया था। इसी के समर्थन में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का संकेत दिया था, लेकिन अब हालात बदलते दिख रहे हैं।