Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल से पहले ICC ने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए 8 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है। इस सूची में भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन भी शामिल हैं, जिन्होंने सीमित मौके मिलने के बावजूद शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है।

कम मैच, लेकिन दमदार प्रदर्शन

संजू सैमसन ने इस टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ 4 मैच खेले हैं, लेकिन उन्होंने 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 232 रन बना दिए हैं। खास बात यह है कि वे भारत के पिछले दोनों मुकाबलों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी रहे हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को अहम मौकों पर जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।

शुरुआत में प्लेइंग इलेवन में नहीं मिला मौका

टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में भारत की प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन को जगह नहीं मिली थी। टीम मैनेजमेंट ने ओपनिंग के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को मौका दिया, जबकि तिलक वर्मा को नंबर-3 पर उतारा गया।

हालांकि, नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले अभिषेक शर्मा बीमार हो गए, जिसके बाद सैमसन को टीम में शामिल किया गया। इस मैच में उन्होंने 8 गेंदों में 22 रन बनाए। अभिषेक के फिट होकर लौटने के बाद सैमसन को फिर बाहर कर दिया गया और वे पाकिस्तान, नीदरलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबलों में बेंच पर ही बैठे रहे।

मौका मिला तो मचा दिया धमाल

सुपर-8 चरण में भारत को पहला मैच गंवाना पड़ा। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम मैनेजमेंट ने रिंकू सिंह की जगह सैमसन को मौका दिया और उनसे ओपनिंग भी कराई।

जिम्बाब्वे के खिलाफ वापसी मैच में उन्होंने 24 रन बनाए। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो जैसे मुकाबले में सैमसन ने 97 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को 197 रन का लक्ष्य हासिल करवाया। सैमसन का शानदार फॉर्म सेमीफाइनल में भी जारी रहा, जहां उन्होंने 89 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। वे सिर्फ 4 मैचों में 16 छक्के लगा चुके हैं।

पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान भी रेस में

‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ की रेस में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान भी शामिल हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में दो शतक लगाते हुए 383 रन बनाए, जो एक टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। हालांकि, उनकी टीम नॉकआउट चरण में जगह नहीं बना सकी।

इन खिलाड़ियों को भी मिला नॉमिनेशन

ICC द्वारा शॉर्टलिस्ट किए गए बाकी खिलाड़ियों ने भी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है।

विल जैक्स (इंग्लैंड): 226 रन और 9 विकेट, शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन
लुंगी एनगिडी (दक्षिण अफ्रीका): 12 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज
ऐडन मार्करम (दक्षिण अफ्रीका): 286 रन बनाकर टीम की बल्लेबाजी संभाली
रचिन रवींद्र (न्यूजीलैंड): 128 रन और 11 विकेट, टीम के लिए अहम योगदान
टिम सिफर्ट (न्यूजीलैंड): 274 रन, तीन अर्धशतक और दो बार प्लेयर ऑफ द मैच
शेडली वान शाल्कविक (अमेरिका): ग्रुप स्टेज के चार मैचों में 13 विकेट, टूर्नामेंट के टॉप विकेट टेकर

वोटिंग शुरू, फैंस भी चुन सकेंगे विजेता

ICC ने इन आठ खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन वोटिंग शुरू कर दी है। फैंस ICC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने पसंदीदा खिलाड़ी को वोट दे सकते हैं।

फाइनल फैसला फैंस की वोटिंग के साथ-साथ ICC पैनल के क्रिकेट एक्सपर्ट्स और कमेंटेटर्स के वोट के आधार पर लिया जाएगा। ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का ऐलान फाइनल मुकाबले के बाद किया जाएगा।