Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने बड़ा बयान दिया है। सैंटनर का मानना है कि मेजबान होने के कारण भारत पर खिताब जीतने का भारी दबाव होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह खिताबी मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

‘भारत पर होगा घरेलू दर्शकों का दबाव’

फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिचेल सैंटनर ने कहा कि भारतीय टीम को घरेलू मैदान पर खेलते हुए बड़ी उम्मीदों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, 'हमारा लक्ष्य भीड़ को शांत करना है, लेकिन क्रिकेट में कई तरह की चुनौतियां होती हैं। मुझे लगता है कि भारत पर घर में जीतने का काफी दबाव होगा।'

फाइनल को लेकर उत्साहित है न्यूजीलैंड टीम

सैंटनर ने कहा कि उनकी टीम इस बड़े मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित है और खिलाड़ी पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा, 'मैं इस मैच को लेकर काफी उत्साहित हूं। हमने पहले भी भारत के खिलाफ खेला है, इसलिए कोई खास राज नहीं है। खिलाड़ी फाइनल के लिए पूरी तरह तैयार और उत्साहित हैं। यह एक मैच का मुकाबला है और जो बेहतर खेलेगा वही जीतेगा।'

अहमदाबाद में हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद

न्यूजीलैंड कप्तान ने कहा कि उन्होंने अभी तक पिच नहीं देखी है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग हो सकता है। सैंटनर ने कहा कि इस मैदान पर बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है और दोनों टीमों के बीच बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है।

जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ

सैंटनर ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मौजूदा टूर्नामेंट में बुमराह शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। 'बुमराह जिस तरह से गेंदबाजी कर रहे हैं, वह किसी भी चर्चा में शामिल होंगे। उनके पास शानदार यॉर्कर और मुश्किल बाउंसर हैं।' बुमराह ने इस टूर्नामेंट में अब तक 10 विकेट लिए हैं और उनका औसत करीब 15 का रहा है।

न्यूजीलैंड ने पूरे टूर्नामेंट में दिखाई निरंतरता

सैंटनर ने कहा कि उनकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में कई चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय सीरीज से टीम ने काफी कुछ सीखा है, लेकिन वर्ल्ड कप का फाइनल पूरी तरह अलग दबाव वाला मुकाबला होता है।

जरूरत पड़ी तो तोड़ देंगे भारतीय फैंस का दिल

न्यूजीलैंड कप्तान ने साफ कहा कि अगर मौका मिला तो उनकी टीम भारत को हराकर ट्रॉफी जीतने से पीछे नहीं हटेगी। 'हमें ट्रॉफी जीतने में कोई परेशानी नहीं होगी। अगर ऐसा होता है तो हमें कुछ दिल तोड़ने में भी कोई दिक्कत नहीं होगी।'

सैंटनर ने कहा कि भारत की बल्लेबाजी शुरुआत से ही आक्रामक रहती है और उसे रोकने का सबसे अच्छा तरीका शुरुआती विकेट लेना है। 'भारत शुरुआत से अंत तक आक्रामक खेल सकता है। उन्हें रोकने का एकमात्र तरीका है कि जल्दी विकेट लिए जाएं।'

वरुण चक्रवर्ती भी बन सकते हैं मैच विनर

सैंटनर ने भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह इस टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और अहमदाबाद की पिच पर खतरनाक साबित हो सकते हैं। वरुण चक्रवर्ती ने इस टूर्नामेंट में अब तक 13 विकेट लिए हैं और वह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं।

फाइनल में अनुशासन और रणनीति होगी अहम

सैंटनर ने कहा कि फाइनल जैसे मुकाबले में सबसे जरूरी चीज अनुशासन और सही रणनीति का पालन करना है। उन्होंने कहा, 'आपको अपने प्रोसेस पर भरोसा करना होता है और उसी के मुताबिक मैदान पर प्रदर्शन करना होता है।'