Sports

राउरकेला : मलेशिया ने शेलो सिल्वेरियस के दो गोलों की बदौलत शनिवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के क्लासिफिकेशन मुकाबले में जापान को 3-2 से मात दी। बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पर 13वें से 16वें स्थान के लिये खेले गये मुकाबले में शेलो सिल्वेरियस (सातवां, 31वां मिनट) ने मलेशिया के लिये दो गोल किए, जबकि सुहैमी इरफान शाहमी (33वां मिनट) ने एक गोल किया। जापान के गोल काइतो तनाका (23वां) और सेरेन तनाका (31वां मिनट) ने दागे। 

मलेशिया ने मुकाबले की मजबूत शुरुआत करते हुए सातवें मिनट में ही पेनल्टी कॉर्नर पर गोल जमा दिया, जबकि जापानी रक्षण शुरुआती क्वाटर्र में कमजोर नजर आया। दूसरे क्वाटर्र में हालांकि मलेशिया के मरहान जलील को येलो काडर् देखकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। जापान ने विपक्षी टीम का एक खिलाड़ी कम पाकर उस पर दबाव बनाया। जापान 23वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करने में असफल रहा, लेकिन इसी मिनट काइतो ने फील्ड गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। जापान ने तीसरे क्वाटर्र की शुरुआत सेरेन के गोल से की, लेकिन इसके बाद मलेशिया उस पर पूरी तरह हावी रहा। 

सिल्वेरियस ने एक बार फिर अपनी टीम के लिये आगे आते हुए फील्ड गोल किया, जबकि सुहैमी ने दो मिनट बाद गोल करके मलेशिया को बढ़त की स्थिति में पहुंचा दिया। जापान ने तीसरा क्वाटर्र समाप्त होने से पहले तीन पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किये लेकिन वह उनका लाभ नहीं ले सका। मलेशिया ने इसके बाद गेंद को अपने कब्जे में रखते हुए जापान को मैच में वापस आने का मौका नहीं दिया और एक गोल के अंतर से जीत हासिल की। मलेशिया ने इस जीत के साथ विश्व कप में 13वां स्थान हासिल करने के लिये अपनी दावेदारी पेश कर दी है। इस वर्ग का दूसरा मुकाबला चिली और फ्रांस के बीच दोपहर दो बजे से खेला जाएगा।