Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : पल्लेकेले में 17 फरवरी को जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला अहम मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, लेकिन इस रद्द मैच ने पूरे ग्रुप B की तस्वीर बदल दी। मुकाबला धुलने से जिम्बाब्वे को एक महत्वपूर्ण अंक मिला, जिसके साथ उसने सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली। इस नतीजे ने पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के अभियान पर फुल स्टाप लगा दिया और टी20 विश्व कप से बाहर हो गई। आयरलैंड और ओमान भी अब टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। 

17 साल बाद सुपर 8 से चूका ऑस्ट्रेलिया

2021 का टी20 वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया इस बार सुपर 8 में जगह बनाने में नाकाम रहा। अपने पहले तीन मुकाबलों में से दो हारने के बाद टीम को अन्य परिणामों पर निर्भर रहना पड़ा। लेकिन पल्लेकेले में बारिश से रद्द हुए मैच ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जिम्बाब्वे को मिले एक अंक ने अंक तालिका में उसे मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया, जिससे ऑस्ट्रेलिया गणितीय रूप से बाहर हो गया। 17 साल में यह पहला मौका है जब ऑस्ट्रेलियाई टीम सुपर 8 चरण तक नहीं पहुंच सकी।

शुरुआती हार बनी बाहर होने की वजह 

ऑस्ट्रेलिया का अभियान पहले ही कमजोर पड़ चुका था। श्रीलंका से आठ विकेट की करारी हार ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी थीं। इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली अप्रत्याशित हार भी निर्णायक साबित हुई। इन नतीजों के चलते ओमान के खिलाफ उनका आखिरी ग्रुप मैच अब सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया है। टीम के पास अब सिर्फ सम्मान बचाने का मौका है।

जिम्बाब्वे की शानदार वापसी

दूसरी ओर, जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर 8 में जगह बनाई। यह टीम पिछली बार वेस्ट इंडीज और अमेरिका में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी, लेकिन इस बार उसने दमदार वापसी की है। सिकंदर रजा की अगुआई में जिम्बाब्वे ने ग्रुप B में मजबूती दिखाई। अब उसके पास ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने का भी मौका है, जब वह 19 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका से भिड़ेगा।

पल्लेकेले में बारिश का खेल

पल्लेकेले में पूरे दिन मौसम खराब बना रहा। लगातार बारिश के कारण टॉस में देरी हुई और मैदान पूरी तरह कवर से ढका रहा। हालांकि मौसम विभाग के अनुमान में सुधार की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन काले बादल और रुक-रुक कर होती बारिश ने खेल शुरू होने का मौका नहीं दिया। ग्राउंडस्टाफ ने बीच-बीच में कवर हटाकर पिच तैयार करने की कोशिश की, लेकिन हल्की बूंदाबांदी फिर शुरू हो गई। शाम करीब 5:30 बजे, क्यूरेटर और दोनों टीमों के कप्तानों से चर्चा के बाद अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला लिया।

ग्रुप B की बदली तस्वीर

इस एक अंक ने ग्रुप B की समीकरण पूरी तरह बदल दी। जिम्बाब्वे और श्रीलंका ने सुपर 8 के लिए क्वालीफाई कर लिया, जबकि ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड और ओमान की यात्रा यहीं समाप्त हो गई। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में यह परिणाम दर्शाता है कि छोटे अंतर और मौसम जैसी अनिश्चितताएं भी बड़े टूर्नामेंट में किस तरह निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं।