अहमदाबाद : वेस्टइंडीज के बल्लेबाजी कोच फ्लॉयड रीफर ने बुधवार को यहां इस बात को खारिज कर दिया कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला सिर्फ छक्कों की होड़ का होगा और कहा कि उनकी टीम का फोकस टी20 विश्व कप के अहम मैच में केवल बड़े शॉट लगाने पर नहीं बल्कि हर मौके का पूरा फायदा उठाकर ज्यादा से ज्यादा रन बनाने पर है।
दोनों टीम ने अपने मुकाबले जीते हैं और दोनों टीम में कुछ जबरदस्त 'पावर-हिटर' खिलाड़ी हैं जिससे एक बड़े स्कोर वाले मुकाबले की उम्मीद है। लेकिन रीफर ने कहा कि कैरेबियाई टीम का ध्यान बाउंड्री लगाने से कहीं ज़्यादा मौकों का फायदा उठाने पर है।
मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस के दौरान रीफर ने कहा, 'दोनों टीमों में छक्के मारने की काबिलियत है और विकेट अच्छा होने पर आप दोनों तरफ से अच्छी बल्लेबाजी की उम्मीद करते हैं। हमारे लिए यह ज्यादा से ज्यादा गेंदों पर रन बनाने के बारे में है। हां, हम छक्के और चौके मारते हैं, लेकिन मुख्य बात हर संभव गेंद पर रन बनाना है।' वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ने कहा, ''हमारे लिए साबित करने का कोई मतलब नहीं है। हम यहां मैच जीतने की सकारात्मक सोच के साथ आए हैं। हम जो भी मैच खेलते हैं, हम जीतने की योजना बनाते हैं। शुरू से ही हमारी यही सोच रही है।'
लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंचने के करीब है। रीफर ने इसका श्रेय टीम के मिलकर किए गए प्रयास को दिया। उन्होंने कहा, 'जब आप हमारी टीम को देखते हैं तो हमारे पास काफी अच्छे बल्लेबाज हैं। यह एक या दो खिलाड़ियों की बात नहीं है। हर गेम में अलग-अलग खिलाड़ियों ने आगे बढ़कर अच्छा प्रदर्शन दिया है। यह निरंतरता एक अच्छी बल्लेबाजी इकाई की वजह से है।'