स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। सैमसन ने टूर्नामेंट में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 321 रन बनाए और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। खास बात यह रही कि टूर्नामेंट से पहले वह खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, लेकिन बड़े मंच पर उन्होंने शानदार वापसी की।
गौतम गंभीर ने हमेशा किया संजू का समर्थन
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर लंबे समय से संजू सैमसन के समर्थक रहे हैं। जब वह क्रिकेट एक्सपर्ट और कमेंटेटर के रूप में काम कर रहे थे, तब भी वह लगातार संजू को ज्यादा मौके देने की वकालत करते थे। जुलाई 2024 में टीम इंडिया के हेड कोच बनने के बाद गंभीर ने सैमसन को लगातार मौका दिया और उन पर भरोसा जताया।
‘संजू टीम के लिए बहुत कुछ कर सकते हैं’
न्यूज एजेंसी ANI के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान गंभीर ने बताया कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि संजू टीम के लिए बड़ा योगदान दे सकते हैं। गंभीर ने कहा, 'मैंने उन्हें इसलिए बैक किया क्योंकि मुझे लगता था और आज भी लगता है कि संजू टीम के लिए बहुत कुछ कर सकते हैं। कई बार खिलाड़ी खराब दौर से गुजरता है, जैसे न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में हुआ था। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि खिलाड़ी का खराब फॉर्म हमेशा रहेगा।'
ब्रेक मिलने से संजू को हुआ फायदा
गौतम गंभीर के मुताबिक खराब फॉर्म के दौरान संजू सैमसन को कुछ समय के लिए प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया, जिससे उन्हें ब्रेक मिला और वह मानसिक रूप से तरोताजा होकर लौटे। गंभीर ने कहा कि टीम मैनेजमेंट को पूरा भरोसा था कि संजू वापसी के बाद बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, 'उन्हें ब्रेक की जरूरत थी और हमने उन्हें ब्रेक दिया। जब वह वापस आए तो हमें पता था कि वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हमने लंबे समय से उनका टैलेंट देखा है।'
तीन टी20 शतक वाले खिलाड़ी पर भरोसा जरूरी
गंभीर ने कहा कि जिस खिलाड़ी के नाम तीन टी20 इंटरनेशनल शतक हों, उसके टैलेंट पर शक नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी के करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन ऐसे खिलाड़ियों को लगातार समर्थन देना जरूरी होता है।
विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ा
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने कुल 9 मैच खेले, लेकिन संजू सैमसन को इनमें से सिर्फ 5 मुकाबलों में खेलने का मौका मिला। इसके बावजूद उन्होंने 321 रन बनाकर इतिहास रच दिया। सैमसन एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए और उन्होंने विराट कोहली के 12 साल पुराने 319 रन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।