Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को टी20 स्क्वाड से बाहर कर दिया गया था। उस समय वह भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान भी थे। हालांकि एशिया कप 2025 और ऑस्ट्रेलिया दौरे की टी20 सीरीज में उनके खराब प्रदर्शन के कारण टीम मैनेजमेंट ने वर्ल्ड कप के लिए उन पर भरोसा नहीं जताया। अब भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने गिल की टी20 कप्तानी को लेकर बड़ा बयान दिया है।

‘गिल टी20 टीम के कप्तान नहीं बन सकते’

आकाश चोपड़ा का मानना है कि मौजूदा समय में शुभमन गिल का टी20 टीम का कप्तान बनना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने पहले सोचा था कि तीनों फॉर्मेट में एक ही कप्तान रखने से टीम के लिए चीजें आसान हो सकती हैं, लेकिन अब ऐसा संभव नहीं लगता।

आकाश चोपड़ा ने कहा, 'यह काफी मुश्किल होने वाला है। पहले यह सोचा गया था कि तीनों फॉर्मेट में एक ही कप्तान हो, लेकिन मुझे नहीं लगता कि ऐसा हो पाएगा। गिल टेस्ट और वनडे के कप्तान हैं, लेकिन उन्हें टी20 टीम की कप्तानी मिलना मुश्किल है।'

हालिया प्रदर्शन भी चिंता की वजह

आकाश चोपड़ा ने यह भी कहा कि हाल के मैचों में भारतीय टीम के प्रदर्शन को देखते हुए गिल का नाम टी20 कप्तानी की दौड़ में अभी मुश्किल लगता है। उनके मुताबिक टी20 फॉर्मेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन की जरूरत होती है, जो फिलहाल गिल के बल्ले से देखने को नहीं मिला है।

टी20 इंटरनेशनल में गिल का हालिया प्रदर्शन

शुभमन गिल ने भारत के लिए आखिरी टी20 सीरीज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली थी। इस सीरीज के तीन मैचों में उनके बल्ले से 28, 0 और 4 रन निकले थे। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा था। उन्होंने उस सीरीज में 29, 46, 15, 5 और 37 रन बनाए थे। यानी आखिरी 8 टी20 पारियों में उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला।

इसी वजह से वर्ल्ड कप टीम से हुए बाहर

लगातार खराब प्रदर्शन के चलते चयनकर्ताओं को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए शुभमन गिल को टीम से बाहर करना पड़ा।हालांकि गिल अभी भी भारतीय टीम के लिए टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में अहम भूमिका निभा रहे हैं और इन दोनों फॉर्मेट में कप्तानी भी संभाल रहे हैं।

आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की कप्तानी करेंगे

फिलहाल शुभमन गिल आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस सीजन में वह गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते नजर आएंगे। आईपीएल के बाद भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी, जिसमें गिल टीम की अहम जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।