स्पोर्ट्स डेस्क : भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ 58 रन की शानदार पारी खेलकर इतिहास रच दिया। वह लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल तीनों फॉर्मेट में अर्धशतक लगाने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर बन गई हैं। इतना ही नहीं, महिला क्रिकेट में भी यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह दुनिया की पहली खिलाड़ी हैं।
हरमनप्रीत कौर ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
हरमनप्रीत ने लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 121 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें सात चौके शामिल रहे। इससे पहले वह इसी मैदान पर वनडे और टी20 इंटरनेशनल में भी अर्धशतक जड़ चुकी थीं। इसी के साथ उन्होंने भारतीय क्रिकेट में एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
लॉर्ड्स में हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड
50 रन (51 गेंद) - वनडे बनाम इंग्लैंड (1 जुलाई 2012)
51 रन (80 गेंद) - वनडे बनाम इंग्लैंड (23 जुलाई 2017)
4 रन (9 गेंद) - वनडे बनाम इंग्लैंड (24 सितंबर 2022)
7 रन (9 गेंद) - वनडे बनाम इंग्लैंड (19 जुलाई 2025)
56 रन (27 गेंद) - टी20I बनाम ऑस्ट्रेलिया (28 जून 2026)
58 रन (121 गेंद) - टेस्ट बनाम इंग्लैंड, पहली पारी (10 जुलाई 2026)
युवराज सिंह भी नहीं कर पाए थे यह कारनामा
पुरुष क्रिकेट में कई बल्लेबाजों ने लॉर्ड्स पर टेस्ट और वनडे में अर्धशतक लगाए हैं। युवराज सिंह ने टी20 इंटरनेशनल में भी यहां पचासा लगाया था, लेकिन उन्हें लॉर्ड्स में कभी टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिला। इसलिए वह तीनों फॉर्मेट में अर्धशतक लगाने का यह रिकॉर्ड नहीं बना सके।
महिला क्रिकेट में पहली खिलाड़ी
भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा यह मुकाबला लॉर्ड्स में पहला महिला टेस्ट है। ऐसे में हरमनप्रीत कौर इस ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट, वनडे और टी20I तीनों फॉर्मेट में अर्धशतक लगाने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर भी बन गई हैं।
पुरुष क्रिकेट में सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने किया है यह कारनामा
हरमनप्रीत से पहले पुरुष क्रिकेट में केवल तीन बल्लेबाज ही लॉर्ड्स पर तीनों अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड बना सके हैं।
कुमार संगकारा (श्रीलंका)
महेला जयवर्धने (श्रीलंका)
यूनिस खान (पाकिस्तान)
अब हरमनप्रीत कौर का नाम भी इस बेहद खास सूची में शामिल हो गया है।