Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले में बड़ा बदलाव देखने को मिला। मुंबई के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या इस मैच से बाहर हो गए। टॉस के समय कप्तानी करते हुए सूर्यकुमार यादव ने बताया, 'हार्दिक ठीक महसूस नहीं कर रहे हैं, इसलिए वह आज का मैच नहीं खेल रहे हैं।' उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई।

सूर्यकुमार यादव ने संभाली कप्तानी

हार्दिक की अनुपस्थिति में भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कहा, 'आज मैं उनकी जगह टीम को लीड कर रहा हूं और हम सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरे हैं।' सूर्या ने यह भी बताया कि टीम पहले बल्लेबाजी करना चाहती थी, लेकिन टॉस उनके पक्ष में नहीं गया।

मुंबई इंडियंस में हुए बड़े बदलाव

इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने प्लेइंग इलेवन में तीन अहम बदलाव किए। सूर्यकुमार ने बताया, 'दीपक चाहर हार्दिक की जगह आए हैं, कॉर्बिन बॉश ने ट्रेंट बोल्ट को रिप्लेस किया और मिचेल सैंटनर को भी टीम में शामिल किया गया।' इन बदलावों के साथ टीम ने संतुलन बनाए रखने की कोशिश की।

टॉस जीतकर दिल्ली ने चुनी गेंदबाजी

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। उन्होंने कहा, 'हम अपने होम ग्राउंड पर पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं और देखना चाहते हैं कि पिच कैसे खेलती है।' अक्षर ने पिछले मैच में मिली जीत का जिक्र करते हुए टीम के आत्मविश्वास पर भरोसा जताया।

प्लेइंग 11

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।

दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नीतीश राणा, विप्रज निगम, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन, मुकेश कुमार।