Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में Virat Kohli की फिटनेस को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले के दौरान कोहली चोटिल नजर आए और दूसरी पारी में मैदान पर नहीं उतरे। हालांकि मैच के बाद कप्तान Rajat Patidar और ऑलराउंडर Krunal Pandya ने राहत जरूर दी, लेकिन उनकी बातों से स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो पाई।

पाटीदार और क्रुणाल ने क्या कहा?

मैच के बाद प्रेजेंटेशन में पाटीदार ने कहा: 'मुझे अभी पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि वह अभी ठीक हैं।' वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्रुणाल पंड्या ने भी कुछ ऐसा ही कहा: 'मैंने अभी फिजियो से बात नहीं की है, लेकिन मुझे लगता है कि वह ठीक रहेंगे, चिंता की बात नहीं है।' दोनों खिलाड़ियों के बयानों से साफ है कि कोहली की चोट की गंभीरता को लेकर अभी भी असमंजस बना हुआ है।

शानदार पारी के बाद चोटिल हुए कोहली

मैच में कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 50 रन बनाए। उन्होंने Phil Salt के साथ 120 रन की ओपनिंग साझेदारी की। सॉल्ट ने 36 गेंदों में 78 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 6 चौके शामिल थे। कोहली को 15वें ओवर में Hardik Pandya ने आउट किया। हालांकि इसके बाद फील्डिंग के दौरान कोहली एंकल इंजरी से जूझते दिखे और दूसरी पारी में उनकी जगह Jacob Bethell मैदान पर उतरे।

रोहित शर्मा भी हुए चोटिल

इस मुकाबले में Rohit Sharma भी चोट से नहीं बच पाए। मुंबई की पारी के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में दिक्कत हुई। रोहित ने 13 गेंदों में 19 रन बनाए, लेकिन छठे ओवर में रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा और वह वापस बल्लेबाजी करने नहीं आए।

RCB की जीत, MI की हालत खराब

इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में RCB ने 240/3 का विशाल स्कोर बनाया और 18 रन से जीत दर्ज की।

RCB: 4 में 3 जीत, पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर
MI: 4 में 3 हार, लगातार तीसरी हार के साथ आठवें स्थान पर; मुंबई का नेट रन रेट भी इस हार के बाद प्रभावित हुआ है।

अगला मुकाबला और फिटनेस पर नजर

RCB का अगला मुकाबला 15 अप्रैल को Lucknow Super Giants के खिलाफ है। वहीं MI 16 अप्रैल को Punjab Kings से भिड़ेगी। दोनों टीमों के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कोहली और रोहित इन मैचों तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं।