Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के ऐलान के बाद पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। हरभजन का मानना है कि शानदार आईपीएल 2026 सीजन के बावजूद रजत पाटीदार को टीम में जगह नहीं देना समझ से परे है।

पाटीदार की अनदेखी पर हरभजन नाराज

बीसीसीआई ने हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम की घोषणा की, जिसमें श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया, जबकि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार राष्ट्रीय टीम में मौका मिला। हालांकि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार का नाम टीम में शामिल नहीं होने पर हरभजन सिंह ने नाराजगी जताई।

हरभजन ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'रजत पाटीदार का भारतीय टीम में न होना दुखद है। आखिर उन्हें और क्या करना चाहिए था? 501 रन बनाए, स्ट्राइक रेट लगभग 200 रहा। यह उनके साथ नाइंसाफी है। वह इस समय भारत के सर्वश्रेष्ठ मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं। शानदार तकनीक और बेहतरीन स्ट्रोक प्ले वाले खिलाड़ी हैं।'

बल्ले और कप्तानी दोनों में रहे सफल

आईपीएल 2026 में रजत पाटीदार ने सिर्फ कप्तानी में ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 15 मैचों में 41.75 की औसत और 192.69 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से पांच अर्धशतक निकले और नाबाद 93 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही।

पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने लगातार दूसरे सीजन खिताब जीतकर इतिहास रचा। ऐसे में कई क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों को उम्मीद थी कि उन्हें भारतीय टी20 टीम में मौका मिलेगा, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा नहीं जताया।

चयनकर्ताओं के फैसले पर बहस तेज

रजत पाटीदार को नजरअंदाज किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कई पूर्व क्रिकेटरों और प्रशंसकों का मानना है कि घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। हरभजन सिंह का बयान भी इसी बहस को और हवा देता नजर आ रहा है।