Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 1 अप्रैल को 2026-27 सीजन के लिए 21 खिलाड़ियों की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, जहां अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल सहित पांच खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया। इस फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है क्योंकि मैक्सवेल अभी भी इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के इच्छुक हैं।

मैक्सवेल और कोंस्टास समेत 5 खिलाड़ी बाहर

इस बार जिन खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला, उनमें ग्लेन मैक्सवेल, सैम कोंस्टास, झाय रिचर्डसन, मैथ्यू शॉर्ट और लांस मॉरिस शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, रिचर्डसन और मॉरिस की इंजरी उनके बाहर होने की बड़ी वजह रही, जबकि कोंस्टास और शॉर्ट फिलहाल सेलेक्टर्स की प्राथमिकता से बाहर हो गए हैं।

दो नए खिलाड़ियों की एंट्री

नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में तेज गेंदबाज ब्रेंडन डोगेट और ओपनर जेक वेदराल्ड को पहली बार जगह मिली है। दोनों खिलाड़ियों ने 2025-26 एशेज सीरीज में डेब्यू किया था, और वेदराल्ड को टेस्ट ओपनर के तौर पर लंबा मौका मिलने के संकेत मिल रहे हैं।

चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली का बड़ा बयान

ऑस्ट्रेलिया के चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली ने इस फैसले को लेकर कहा, 'अगले 12 महीनों में हमें अलग-अलग परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच काफी व्यस्त टेस्ट शेड्यूल खेलना है।' उन्होंने आगे कहा, 'इसी वजह से इस बार कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में टेस्ट और मल्टी-फॉर्मेट खिलाड़ियों को ज्यादा प्राथमिकता दी गई है।'

बेली ने यह भी स्पष्ट किया, 'आगामी सीरीज के शेड्यूल को देखते हुए हमें कॉन्ट्रैक्ट में शामिल खिलाड़ियों के अलावा भी अन्य खिलाड़ियों की जरूरत पड़ेगी और हम उनका इस्तेमाल करते रहेंगे।'

और साथ ही जोड़ा, 'इस साल पहले से ज्यादा जरूरी है कि हम राज्यों (डोमेस्टिक टीमों) के साथ मिलकर काम करें, ताकि खिलाड़ी लगातार विकसित हों और मौका मिलने पर इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार रहें।'

मैट रेनशॉ को नहीं मिला मौका

मैट रेनशॉ ऐसे खिलाड़ी रहे, जिन्हें इस फैसले से सबसे ज्यादा निराशा हुई होगी। उन्होंने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में वापसी के बाद अच्छा प्रदर्शन किया था और घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाकर टेस्ट टीम में वापसी का दावा ठोक रहे थे।

ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट शेड्यूल रहेगा बेहद व्यस्त

आने वाले 12 महीनों में ऑस्ट्रेलिया को 15 टेस्ट मैच खेलने हैं, जिसमें 6 घरेलू मैच शामिल हैं। टीम बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खेलेगी, इसके बाद साउथ अफ्रीका दौरा और भारत में 5 टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2027 भी खेलेगी। फिलहाल टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में शीर्ष पर है और फाइनल खेलने की प्रबल दावेदार है।

सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले खिलाड़ी

जिन 21 खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट मिला है, उनमें शामिल हैं: जेवियर बार्टलेट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, ब्रेंडन डोगेट, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, मिशेल मार्श, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड, ब्यू वेबस्टर और एडम जैंपा।