Sports

मुंबई : दक्षिण अफ्रीका के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर केशव महाराज को सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बाकी 2026 मुकाबलों के लिए मुंबई इंडियन्स की टीम में न्यूजीलैंड के मिचेल सेंटनर के विकल्प के तौर पर शामिल किया गया। सेंटनर कंधे की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। 

उन्हें यह चोट यहां वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ टीम के पिछले मैच के दौरान लगी थी। IPL ने बयान में कहा, 'मुंबई इंडियन्स ने दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज को मिचेल सेंटनर के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया है। सेंटनर बाएं कंधे में लगी चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से बाहर हो गए हैं।' 

बयान के अनुसार, 'सेंटनर को यह चोट मुंबई इंडियन्स के पिछले घरेलू मैच के दौरान CSK के खिलाफ बाउंड्री के पास कैच लेने की कोशिश करते समय लगी थी।' आईपीएल ने कहा, 'अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर महाराज हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में खेले थे। उन्होंने 2024 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से दो आईपीएल मैच खेले। वह 75 लाख रुपये की फीस पर मुंबई इंडियन्स में शामिल हुए हैं।'