Sports

स्पोर्ट्स डेस्कः इंग्लैंड के 30 वर्षीय ऑलराउंडर Cameron Steel ने टखने की गंभीर चोट के चलते पेशेवर क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। Surrey County Cricket Club के इस खिलाड़ी को लंबे समय से चोट से जूझना पड़ रहा था और महीनों तक मैदान से दूर रहने के बाद उन्होंने यह कठिन निर्णय लिया।

चोट और निराशा ने कराया संन्यास लेने पर मजबूर

स्टील ने अपने बयान में कहा कि पिछले डेढ़ साल उनके लिए बेहद निराशाजनक रहे। उन्होंने वापसी के लिए पूरी मेहनत की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा, 'क्रिकेट खेलना, खासकर सरे के लिए, मेरी जिंदगी का सबसे बेहतरीन समय रहा। लेकिन अब यह खेल खेलने के बजाय सिर्फ देखने तक सीमित हो गया था। मैंने वापसी के लिए हर संभव कोशिश की, लेकिन यह संभव नहीं हो सका।'

करियर की बड़ी उपलब्धि: 21 साल की उम्र में डबल सेंचुरी

स्टील ने 2014 में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया और बहुत जल्दी सुर्खियों में आ गए। 21 साल की उम्र में उन्होंने लीसेस्टरशायर के खिलाफ 224 रन की शानदार पारी खेली थी, जो उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रही। बाद में उनके प्रदर्शन में गिरावट आई और 2021 में उन्होंने सरे का रुख किया, जहां उन्होंने टीम के साथ महत्वपूर्ण समय बिताया।

सरे क्लब और कोचिंग स्टाफ को कहा धन्यवाद

स्टील ने क्लब, मेडिकल स्टाफ और कोचों का आभार जताया। उन्होंने खास तौर पर Gareth Batty और Alec Stewart का धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें सपोर्ट किया और मौके दिए। उन्होंने कहा कि सरे क्लब ने उन्हें हमेशा खुद जैसा रहने की आज़ादी दी और यही उनके लिए सबसे बड़ी बात रही।

साथियों के साथ बिताए पल आएंगे याद

स्टील ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें वार्मअप या चोट का दर्द तो याद नहीं आएगा, लेकिन टीम के साथ बिताए पल, ट्रैवल, मैच खेलने का रोमांच और ट्रॉफी जीतने की खुशी हमेशा याद रहेगी।

उन्होंने कहा, '10 साल का मैं इस उपलब्धि पर गर्व करेगा, लेकिन 30 साल का मैं शायद अब वीकेंड पर फ्री रहने का आनंद ले पाए।'

कप्तान और डायरेक्टर भी हुए निराश

सरे के कप्तान Rory Burns ने स्टील के संन्यास पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि स्टील ने वापसी के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। वहीं, क्लब के डायरेक्टर Alec Stewart ने कहा कि चोट के कारण करियर का इस तरह खत्म होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्टील को टीम का अहम हिस्सा बताया और कहा कि वह हमेशा सरे परिवार का हिस्सा रहेंगे।

घरेलू क्रिकेट में शानदार आंकड़े

स्टील का घरेलू करियर 11 साल लंबा रहा, जिसमें उन्होंने कुल 3,564 रन और 117 विकेट लिए।

फर्स्ट क्लास: 66 मैच, 2,733 रन, औसत 27.05, 4 शतक, 13 अर्धशतक, 60 विकेट
लिस्ट A: 39 पारियां, 666 रन, औसत 20.18, 5 अर्धशतक, 45 विकेट
T20: 16 पारियां, 165 रन, स्ट्राइक रेट 122.22, 12 विकेट